home page

आंध्र प्रदेश में वर्जीनिया तंबाकू के विपणन सत्र 2025-26 में प्रगति की वाणिज्य विभाग ने समीक्षा की

 | 
आंध्र प्रदेश में वर्जीनिया तंबाकू के विपणन सत्र 2025-26 में प्रगति की वाणिज्य विभाग ने समीक्षा की


नई दिल्ली, 10 जुलाई (हि.स)। केंद्र सरकार ने आंध्र प्रदेश के फ्ल्यू-क्योर्ड वर्जीनिया (एफसीवी) तंबाकू विपणन सत्र 2025–26 की प्रगति की समीक्षा की। साथ ही तंबाकू खरीद प्रक्रिया में तेजी लाने, समग्र विपणन तंत्र को मजबूत करने तथा निर्यात को सुगम बनाने के उपायों पर हितधारको के साथ विचार-विमर्श किया।

वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय ने शुक्रवार को जारी बयान में कहा कि वाणिज्यिक विभाग के अपर सचिव नितिन कुमार यादव (आईएएस) के नेतृत्व में वरिष्ठ अधिकारियों के एक दल ने हैदराबाद में चल रहे आंध्र प्रदेश फ्लू क्योर्ड वर्जीनिया (एफसीवी) तंबाकू विपणन सत्र 2025–26 की समीक्षा की। टीम ने तंबाकू की खेती करने वालों, उत्पाद निर्माता, निर्यातक, व्यापारी, व्यापार संघ और तंबाकू बोर्ड के साथ बातचीत की।

मंत्रालय ने कहा कि इस बैठक में बाजार की मौजूदा स्थिति की समीक्षा की गई और तंबाकू उगाने वालों के हितों की रक्षा के लिए सरकार के कथन को फिर से पक्का किया गया। चर्चा के दौरान फ्लू क्योर्ड वर्जीनिया तंबाकू की खरीद में तेज़ी लाने, निर्यात को आसान बनाने और पूरे मार्केटिंग इकोसिस्टम को मज़बूत करने के उपायों पर ध्यान केन्द्रित किया गया।

इस बैठक में इस क्षेत्र के कामकाज को बेहतर बनाने के उद्देश्य से उठाए गए अलग-अलग कदमों की भी समीक्षा की गई। इसमें तंबाकू बोर्ड में ढांचागत बदलाव, ग्रोअर्स वेलफेयर फंड के तहत फायदे बढ़ाना, पंजीकरण प्रक्रिया को आसान बनाना, डिजिटल पहल और एआई आधारित ग्रेडिंग शुरू करना शामिल है। अलग-अलग देशों में निर्यात बाजार में अवसर बढ़ाने और सही जगहों पर बदल-बदल कर फसल उगाने को बढ़ावा देने पर भी चर्चा हुई।

वाणिज्यिक विभाग के अपर सचिव, नितिन कुमार यादव ने भरोसा जताया कि सभी हितधारकों की मिलकर की गई कोशिशों से भारतीय फ्लू क्योर्ड वर्जीनिया तंबाकू क्षेत्र में दीर्घकालिक स्थायित्व और वैश्विक प्रतिस्पर्धा मजबूत होगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर