home page

आंध्र प्रदेश में फसल सीजन 2025-26 के लिए अतिरिक्त तंबाकू बिक्री को मंजूरी

 | 
आंध्र प्रदेश में फसल सीजन 2025-26 के लिए अतिरिक्त तंबाकू बिक्री को मंजूरी


नई दिल्ली, 25 सितंबर (हि.स.)। केंद्र सरकार ने आंध्र प्रदेश के तंबाकू उत्पादक किसानों को बड़ी राहत दी है। सरकार ने फसल सत्र 2025-26 के लिए पंजीकृत और गैर-पंजीकृत किसानों के अतिरिक्त 'फ्लू-क्योर्ड वर्जीनिया तंबाकू' को तंबाकू बोर्ड से अधिकृत नीलामी मंचों पर बेचने की अनुमति दे दी है।

वाणिज्य मंत्रालय की अधिसूचना के अनुसार इस कदम के बाद पंजीकृत किसान अपने अतिरिक्त तंबाकू और गैर-पंजीकृत किसान अनधिकृत तंबाकू को तंबाकू बोर्ड से मान्यता प्राप्त नीलामी मंचों पर बेच सकेंगे। फ्लू-क्योर्ड ऐसा तंबाकू होता है, जिसे धातु के पाइपों (फ्लू) के जरिए पहुंचाई गई गर्मी का उपयोग करके विशेष, धुआं-मुक्त भट्टियों में सुखाया जाता है।

मंत्रालय की ओर से 24 सितंबर को जारी इस अधिसूचना के अनुसार केंद्र सरकार ने आंध्र प्रदेश में फसल सत्र 2025-2026 के दौरान तंबाकू नीलामी के लिए तंबाकू बोर्ड अधिनियम के एक प्रावधान के क्रियान्वयन में ढील दी है।

वाणिज्य विभाग के अतिरिक्त सचिव नितिन कुमार यादव के नेतृत्व में एक दल ने जुलाई में इस तंबाकू के मौजूदा बाजार हालातों की समीक्षा के लिए आंध्र प्रदेश का दौरा किया था।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर