सर्राफा बाजार में उछली चांदी, वायदा बाजार के भाव में आई गिरावट
नई दिल्ली, 09 अप्रैल (हि.स.)। घरेलू सर्राफा बाजार में हाजिर चांदी की कीमत में तेजी का रुख बना हुआ है। दूसरी ओर, वायदा बाजार (फ्यूचर ट्रेडिंग) में चांदी में गिरावट नजर आ रही है। आज सर्राफा बाजार में शुरुआती कारोबार के दौरान हाजिर चांदी ने बुधवार के शुरुआती कारोबार की तुलना में 10 हजार रुपये प्रति किलोग्राम से अधिक की छलांग लगाई है। इस तेजी के कारण देश के अलग अलग सर्राफा बाजारों में आज चांदी 4,09,800 रुपये प्रति किलोग्राम से लेकर 4,25,000 रुपये प्रति किलोग्राम तक के भाव पर बिक रही है।
दिल्ली सर्राफा बाजार में चांदी कल के शुरुआती कारोबार की तुलना में 10,200 रुपये प्रति किलोग्राम तक उछल गई। इस उछाल के कारण ये चमकीली धातु आज 2,60,100 रुपये प्रति किलोग्राम के स्तर पर कारोबार कर रही है। इसी तरह मुंबई, अहमदाबाद और कोलकाता में चांदी 2,59,900 रुपये के भाव पर कारोबार कर रही है। जबकि जयपुर, सूरत और पुणे में चांदी 2,60,200 रुपये प्रति किलोग्राम के स्तर पर बनी हुई है।
वहीं बेंगलुरु में चांदी 2,60,400 रुपये के स्तर पर और पटना तथा भुवनेश्वर में 2,60,000 प्रति किलोग्राम के स्तर पर कारोबार कर रही है। इसके अलावा हैदराबाद में चांदी 2,65,000 रुपये प्रति किलोग्राम के स्तर पर बिक रही है। देश में चांदी की सबसे अधिक कीमत आज भी चेन्नई में है, जहां ये चमकीली धातु आज 2,65,100 रुपये प्रति किलोग्राम के स्तर पर आ गई है।
सर्राफा बाजार के विपरीत वायदा बाजार में आज शुरुआती कारोबार के दौरान सोना और चांदी के भाव में गिरावट का रुख नजर आ रहा है। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) पर आज मई फ्यूचर वाले सोने ने 0.49 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 1,51,030 रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर पर कारोबार की शुरुआत की। इसी तरह जून डिलीवरी वाली चांदी 1.59 प्रतिशत की गिरावट के साथ 2,36,104 रुपये प्रति किलोग्राम के साथ स्तर पर आ गई। अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी सोना और चांदी में आज कमजोरी का रुख नजर आ रहा है। कॉमेक्स पर सोना करीब 0.49 प्रतिशत गिरकर 4,753 डॉलर प्रति औंस पर ट्रेड कर रहा था, जबकि चांदी करीब 1.68 प्रतिशत गिर कर 74.12 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गई।
मार्केट एक्सपर्ट मयंक मोहन का कहना है कि वैश्विक स्तर पर मची हलचल की वजह से सोना और चांदी की कीमत में भी लगातार उतार चढ़ाव हो रहा है। पश्चिम एशिया में जारी जंग के कारण पूरी दुनिया की अर्थव्यवस्था बुरी तरह से प्रभावित हुई है। पश्चिम एशिया में सीजफायर की खबर आने के बाद बुधवार को दिन के कारोबार में सोना और चांदी के भाव में तेजी का रुख बना था, लेकिन आज सीजफायर को लेकर असमंजस की स्थिति बन जाने के कारण एक बार फिर वायदा बाजार में इन दोनों धातुओं के भाव में गिरावट का रुख बन गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक

