home page

बॉम्बे कोटेड और स्वराज ग्रीन पावर को आईपीओ के लिए सेबी की मंजूरी

 | 
बॉम्बे कोटेड और स्वराज ग्रीन पावर को आईपीओ के लिए सेबी की मंजूरी


नई दिल्ली/मुंबई, 12 जून (हि.स)। बॉम्बे कोटेड एंड स्पेशल स्टील्स लिमिटेड एवं स्वराज ग्रीन पावर एंड फ्यूल लिमिटेड को अपने आरंभिक सार्वजनिक निर्गम(आईपीओ) के जरिए पूंजी जुटाने के लिए भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (सेबी) की मंजूरी मिल गई है। इनके शेयर बीएसई और एनएसई पर सूचीबद्ध के लिए प्रस्तावित हैं।

पूंजी बाजार नियामक सेबी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। सेबी के मुताबिक बॉम्बे कोटेड एंड स्पेशल स्टील्स लिमिटेड ने जनवरी 2026 में और स्वराज ग्रीन पावर एंड फ्यूल लिमिटेड ने मार्च में भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (सेबी) के समक्ष अपने आईपीओ दस्तावेज दाखिल किए थे। इन दोंनो कंपनियों को 11–12 जून के दौरान सेबी से आरंभिक सार्वजनिक निर्गम लाने की मंजूरी मिली है।

बॉम्बे कोटेड एंड स्पेशल स्टील्स लिमिटेड

मुंबई की कंपनी बॉम्बे कोटेड एंड स्पेशल स्टील्स लिमिटेड को पूंजी बाजार नियामक भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड से अपने आरंभिक सार्वजनिक निर्गम(आईपीओ) के लिए फाइनल मंज़ूरी मिल गई है। कंपनी ने 28 जनवरी, 2026 को सेबी के समक्ष अपने आईपीओ लाने के कागजात जमा किए थे। बॉम्बे कोटेड का प्रस्तावित यह आईपीओ 191 करोड़ रुपये तक का फ्रेश इश्यू है।

बॉम्बे कोटेड एंड स्पेशल स्टील्स लिमिटेड 2019 में बनी कंपनी एक स्टील प्रोसेसिंग सेंटर है, जो स्टील कॉइल्स को वैल्यू-एडेड प्रोसेस्ड स्टील प्रोडक्ट्स में बदलने का काम करती है। इसकी मुख्य क्षमताओं में स्टील कॉइल्स की प्रिसिजन स्लिटिंग, कट-टू-लेंथ प्रोसेसिंग, शियरिंग और एम्बॉसिंग शामिल है।

स्वराज ग्रीन पावर एंड फ्यूल लिमिटेड

स्वराज ग्रीन पावर एंड फ्यूल लिमिटेड कंपनी ने 16 मार्च, 2026 को पूंजी बाजार नियामक भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड के समक्ष अपने आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) के लिए ड्राफ्ट पेपर गोपनीय रूप से जमा किए। कंपनी के प्रस्तावित पब्लिक इश्यू में इक्विटी शेयरों का नया इश्यू और 'ऑफर फॉर सेल' (ओएफएस) दोनों शामिल हैं।

सेंट्रम कैपिटल लिमिटेड इस इश्यू के लिए बुक रनिंग लीड मैनेजर(बीआरएलएम) में से एक है। स्वराज ग्रीन पावर एंड फ्यूल लिमिटेड एक एकीकृत ईथेनॉल उत्पादन और चीनी विनिर्माण कंपनी है, जो महाराष्ट्र के सातारा में स्थित है। कंपनी गन्ने के रस और शीरे (मोलासेस) से ईथेनॉल बनाकर भारत के ईथेनॉल ब्लेंडिंग प्रोग्राम में योगदान देती है। इनके भी शेयर बीएसई और एनएसई पर सूचीबद्ध किए जाने लिए प्रस्तावित हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर