home page

बीएमडब्ल्यू समूह इंडिया एक जुलाई से वाहन कीमतों में करेगी दो फीसदी तक का इजाफा

 | 
बीएमडब्ल्यू समूह इंडिया एक जुलाई से वाहन कीमतों में करेगी दो फीसदी तक का इजाफा


मुंबई, 08 जून (हि.स)। जर्मनी की लग्जरी कार विनिर्माता कंपनी बीएमडब्ल्यू समूह इंडिया अपने सभी बीएमडब्ल्यू और मिनी श्रेणी के वाहनों की कीमतों में 2 फीसदी तक की बढ़ोतरी करेगी। नई दरें एक जुलाई से प्रभावी होगी। यह मूल्य वृद्धि भारत में स्थानीय रूप से विनिर्मित और पूरी तरह आयातित (सीबीयू) दोनों ब्रांड पर लागू होगी

बीएमडब्ल्यू ग्रुप इंडिया के अध्यक्ष एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) हरदीप सिंह बरार ने कहा कि वृहद आर्थिक चुनौतियों, खासकर रुपये में गिरावट एवं बढ़ती लॉजिस्टिक लागत के मद्देनजर प्रीमियम मानकों की रक्षा के लिए हम 1 जुलाई से समूचे खंड की कीमतों में दो फीसदी तक की वृद्धि लागू कर रहे हैं। बरार ने कहा कि हमारी मजबूत मांग और बेहतरीन प्रोडक्ट रेंज की वजह से बीएमडब्ल्यू ग्रुप इंडिया लग्जरी मोबिलिटी के क्षेत्र में लगातार नए बेंचमार्क सेट कर पा रहा है।

बीएमडब्ल्यू इंडिया की स्थानीय रूप से विनिर्मित कारों में 2-सीरीज ग्रैन कूपे, 3-सीरीज लॉन्ग व्हीलबेस, 5-सीरीज लॉन्ग व्हीलबेस, 7-सीरीज, एक्स1, एक्स3, एक्स5, एक्स7, एम340आई और आईएक्स1 लॉन्ग व्हीलबेस शामिल हैं। इसके अलावा कंपनी आई5 एम60, आई7, आई7 एम70, बीएमडब्ल्यू आईएक्स एम440आई कन्वर्टिबल, एम2 कूपे, एम4 कॉम्पिटिशन, एम5 और एक्सएम जैसे पूरी तरह आयातित मॉडल भी पेश करती है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर