भारत खेड़ा ने एमएसएमई मंत्रालय के सचिव का कार्यभार संभाला
नई दिल्ली, 01 मई (हि.स)। भारत खेड़ा ने शुक्रवार को भारत सरकार के सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम मंत्रालय (एमएसई) में सचिव का कार्यभार संभाल लिया। अपना वर्तमान पदभार संभालने से खेड़ा पहले उपभोक्ता मामले विभाग में अतिरिक्त सचिव के रूप में कार्यरत थे।
हिमाचल प्रदेश कैडर के 1995 बैच के भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) अधिकारी भारत खेड़ा अपने साथ केंद्र और राज्य दोनों सरकारों में महत्वपूर्ण पदों पर काम करने का तीन दशकों से भी अधिक का प्रशासनिक अनुभव लेकर मंत्रालय में आए हैं। भारत सरकार में अपने विशिष्ट कार्यकाल के दौरान खेरा ने नवंबर, 2014 से फरवरी, 2020 तक पांच वर्षों से अधिक समय तक रक्षा मंत्रालय में संयुक्त सचिव के रूप में कार्य किया। संयुक्त सचिव (वायु) के रूप में उन्होंने भारतीय वायु सेना से संबंधित मामलों को संभाला और साथ ही 2017 से 2020 तक लगातार चार वर्षों तक गणतंत्र दिवस समारोह सहित राष्ट्रीय औपचारिक कार्यक्रमों के समन्वय की जिम्मेदारी भी उन्हें सौंपी गई थी।
इसके अलावा उन्होंने रक्षा मंत्रालय में सीमा सड़क संगठन और अंतरराष्ट्रीय सहयोग से संबंधित मामलों की भी देखरेख की। भारत खेड़ा ने कैबिनेट सचिवालय में लगभग दो वर्षों तक संयुक्त सचिव के रूप में कार्य किया है, जहां उन्होंने वाणिज्य एवं उद्योग तथा प्रौद्योगिकी से संबंधित विभागों का कार्यभार संभाला और कोविड-19 महामारी के दौरान रणनीतिक नीति-निर्माण में योगदान दिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर

