असहयोगी रवैया बरतने वाले बैंकर्स को जिले में नहीं रहने दिया जाएगा : जसजीतकौर
बिजनौर, 12 मार्च (हि .स.) | जिलाधिकारी जसजीत कौर ने निर्देश दिए कि राष्ट्रीयकृत स्टेट बैंक आफ इंडिया, पंजाब नेशनल बैंक एवं निजी बैंकों सहित जिन बैंक शाखाओं द्वारा अब तक मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास योजना के अंतर्गत लाभार्थियों को ऋण स्वीकृत नहीं किया गया है, उन शाखा प्रबंधकों के नाम उपलब्ध कराएं और उनके विरुद्ध शासन एवं संबंधित बैंक के उच्च अधिकारियों को उनके विरुद्ध कार्यवाही करने के लिए लिखें। उन्होंने स्पष्ट करते हुए कहा कि शासकीय योजनाओं में असहयोगी रवैया और हठधर्मिता करने वाले किसी भी बैंकर्स को जिले में नहीं रहने दिया जाएगा। उन्होंने बैंक नोडल अधिकारियों को निर्देशित किया कि डीएलआरसी की बैठक में स्वयं उपस्थित हो, यदि किसी कारणवश प्रतिभाग करना संभव न हो तो नामित अधिकारी को पूरी सूचनाओं के साथ बैठक में प्रतिभाग करने के लिए भेजें, ताकि बैठक में निर्धारित बिंदुओं पर विचार-विमर्श किया जा सके।
समीक्षा के दौरान प्राथमिकता क्षेत्र में एसीपी अंतर्गत 2025-26 के वार्षिक लक्ष्य के सापेक्ष माह दिसम्बर, 2025 राष्ट्रीयकृत बैंक यूको बैंक तथा इण्डियन बैंक द्वारा 40 प्रतिशत से कम तथा निजी क्षेत्र के बैंकों में नैनीताल बैंक द्वारा मात्र 3 प्रतिशत, यस बैंक द्वारा 4 प्रतिशत तथा आईडीबीआई द्वारा 11 प्रतिशत उपलब्धि पर नाराजगी व्यक्त करते हुए निर्देश दिए कि यथासंभव निर्धारित लक्ष्य पूरा करना सुनिश्चित करें।
जिलाधिकारी ने कहा कि उनके द्वारा डीएलआरसी की प्रत्येक बैठक में उनके द्वारा सीएम युवा उद्यमी विकास योजना के अंतर्गत बेरोजगार युवाओं को उक्त योजना से लाभान्वित करने के निरन्तर निर्देश दिए गए, परन्तु कुछ बैंकों द्वारा अभी तक एक भी युवा को उक्त योजना से लाभान्वित नहीं किया गया है। उन्होंने कहा कि बैंकर्स का यह कृत्य अत्यंत आपत्तिजनक और अशोभनीय है। उन्होंने स्पष्ट करते हुए कहा कि महत्वपूर्ण रोजगारपरक शासकीय योजनाओं में मनमानी करने वाले बैंकर्स को जिले में रहने नहीं दिया जाएगा।
जिलाधिकारी श्रीमती कौर ने समीक्षा करते हुए पाया कि वार्षिक ऋण योजना के अंतर्गत माह जून, 2025 तक प्राथमिकता क्षेत्र में वार्षिक लक्ष्य 10010.59 करोड़ के सापेक्ष 2850.65 करोड़ की उपलब्धि प्राप्त हुई, जो कि वार्षिक लक्ष्य का 28.47 प्रतिशत है। व्यावसायिक बैंकों ने 23.52 प्रतिशत, ग्रामीण बैंकों ने 22.29 तथा सहकारी बैंकों ने लक्ष्य के सापेक्ष 70.19 की उपलब्धि प्राप्त की। इस अवसर पर जिला अग्रणी बैंक प्रबंधक अखिल कुमार सिंह, खादी ग्रामोद्योग, डीडीएम नाबार्ड सहित समस्त बैंकर्स एवं संबंधित विभागीय अधिकारी मौजूद थे।
हिन्दुस्थान समाचार / नरेन्द्र

