home page

अकासा एयर ने नवी मुंबई से नोएडा के बीच शुरू की उड़ान सेवा

 | 
अकासा एयर ने नवी मुंबई से नोएडा के बीच शुरू की उड़ान सेवा


मुंबई, 16 जून (हि.स)। अकासा एयर ने मुंबई और नोएडा के बीच अपनी उड़ान सेवाएं शुरू कर दी हैं। घरेलू एयरलाइन कंपनी ने नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट से मंगलवार सुबह क्यूपी-2017 विमान को रवाना करते हुए नव निर्मित नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के लिए सेवाएं शुरू कर दी, जिससे मुंबई महानगर क्षेत्र और दिल्ली-एनसीआर के बीच अकासा एयर की सीधा हवाई संपर्क स्थापित हो गया है।

नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा लिमिटेड (एनएमआईएएल) के प्रवक्ता के अनुसार अकासा एयर की पहली उड़ान सुबह साढ़े सात बजे नवी मुंबई से रवाना हुई और यह दोपहर साढ़े 12 बजे वापस नवी मुंबई हवाई अड्डे पहुंची। एयरलाइन इस मार्ग पर सप्ताह में सात उड़ानों का संचालन करेगी।

अकासा एयर ने एक्स पोस्ट में बताया कि आज हमारी यात्रा में एक अहम पड़ाव है, क्योंकि नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से हमारी पहली फ्लाइट ने उड़ान भरी, जिससे एनसीआर में हमारी मौजूदगी और मज़बूत हुई है। एयरलाइन ने कहा कि बेंगलुरु और नवी मुंबई से नोएडा के लिए रोज़ाना नॉन-स्टॉप उड़ानों के साथ हम भारत के सबसे अहम एविएशन मार्केट में कनेक्टिविटी बढ़ा रहे हैं, जिससे यात्रा और भी आसान और सुलभ हो जाएगी।

कंपनी ने कहा कि इसके अलावा हम एयरपोर्ट परिसर में एक अत्याधुनिक एमआरओ सुविधा भी चलाएंगे, जो ऑपरेशनल दक्षता और सुरक्षा के उच्चतम मानकों के प्रति हमारी प्रतिबद्धता को और मज़बूत करेगा। सुरक्षा, भरोसेमंदता और टैलेंट डेवलपमेंट पर ध्यान केंद्रित करते हुए हमारा लक्ष्य एक मज़बूत और भविष्य के लिए तैयार इंडस्ट्री बनाने में योगदान देना है, जो देश और देशवासियों की सेवा करे।

उल्लेखनीय है कि उत्तर प्रदेश के जेवर स्थित नोएडा अंतररराष्ट्रीय हवाई अड्डे से सोमवार को वाणिज्यिक उड़ान सेवाएं शुरू हो गईं। केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री के. राम मोहन नायडू ने इंडिगो एयरलाइन की पहली उड़ान से इसकी शुरुआत की, जिसके शुरू होने में 21 महीने की देरी हुई। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने नवंबर 2021 में उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्ध नगर ज़िले में इस हवाई अड्डे की आधारशिला रखी थी। प्रधानमंत्री ने इस साल 28 मार्च को इसका उद्घाटन किया था।

----------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर