home page

बड़े विकासशील देशों की जरूरतों के लिए अपनी पूंजी बढ़ाए एडीबी : पंकज चौधरी

 | 
बड़े विकासशील देशों की जरूरतों के लिए अपनी पूंजी बढ़ाए एडीबी : पंकज चौधरी


बड़े विकासशील देशों की जरूरतों के लिए अपनी पूंजी बढ़ाए एडीबी : पंकज चौधरी


समरकंद (उजबेकिस्तान)/नई दिल्ली, 04 मई (हि.स)। केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने सोमवार को कहा कि एशियाई विकास बैंक (एडीबी) को अपनी पूंजी विस्तार के उपायों को बढ़ाना होगा ताकि भारत जैसे बड़े विकासशील सदस्य देशों के विकास वित्तपोषण में उधारी सीमा कोई बाधा न बने।

पंकज चौधरी ने एडीबी की यहां आयोजित वार्षिक बैठक को संबोधित करते हुए यह बात कही। उन्होंने कहा कि आने वाले वर्षों में भारत जैसे देश अपनी उधारी सीमा के करीब पहुंच सकते हैं। ऐसे में यह जरूरी है कि पूंजी विस्तार के जरिए एडीबी की ऋण देने की क्षमता को बढ़ाई जाए, जिसमें हाइब्रिड और कॉलेबल पूंजी शामिल है।

केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री ने एडीबी की सालाना बैठक में अपने संबोधन में यह भी कहा कि मौजूदा भू-राजनीतिक चुनौतियों के बीच इस बहुपक्षीय फंडिंग संस्था को टिकाऊ और मजबूत क्षेत्रीय विकास को समर्थन देने के लिए ज़्यादा बदलाव लाने वाला नज़रिया अपनाना चाहिए। उन्होंने आगे कहा कि मौजूदा भू-राजनीतिक माहौल कई आपस में जुड़ी चुनौतियां पेश करता है, जिनमें ऊर्जा, भोजन, कर्ज़, सप्लाई चेन और राजकोषीय संतुलन से जुड़ी चुनौतियां शामिल हैं।

केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने एक्स पर जारी एक पोस्ट में लिखा है कि आज उज्बेकिस्तान में एशियन डेवलपमेंट बैंक (एडीबी) की वार्षिक बैठक के उद्घाटन सत्र के दौरान भूटान और उज्बेकिस्तान के सम्मानित प्रतिनिधियों के साथ शिष्टाचार भेंट की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर