अडाणी एयरपोर्ट होल्डिंग्स और आईएचजी होटल्स एंड रिसॉर्ट्स ने 5 होटलों के लिए किया समझौता
नई दिल्ली, 14 मई (हि.स)। अडाणी एयरपोर्ट होल्डिंग्स लिमिटेड (एएएचएल) और आईएचजी होटल्स एंड रिसॉर्ट्स ने गुरुवार को पांच होटलों के लिए समझौता किया है। इस साझेदारी से आईएचजी का लक्जरी लाइफ स्टाइल ब्रांड 'किम्पटन होटल्स एंड रेस्टोरेंट्स' भी भारतीय बाजार में कदम रखेगा।
अदानी एयरपोर्ट होल्डिंग्स लिमिटेड ने एक बयान में बताया कि एएएचएल और आईएचजी होटल्स एंड रिसॉर्ट्स ने पांच होटलों के पोर्टफोलियो के लिए समझौता किया है। इस समझौते के तहत भारत के प्रमुख हवाई अड्डों और कमर्शियल जगहों पर लगभग 1,500 कमरे जोड़े जाएंगे। इसके जरिए आईएचजी का लक्जरी लाइफ स्टाइल बुटीक ब्रांड 'किम्पटन होटल्स एंड रेस्टोरेंट्स' भी भारतीय बाजार में कदम रखेगा।
एएएचएल के मुताबिक एयरपोर्ट से जुड़े हॉस्पिटैलिटी और मिश्रित उपयोग विकास परियोजनाओं के तहत, जयपुर, मंगलुरु, तिरुवनंतपुरम और मुंबई मेट्रोपॉलिटन क्षेत्र में इन होटलों का विकास किया जाएगा। कंपनी ने बयान में बताया कि इस पोर्टफ़ोलियो में जयपुर का किम्पटन होटल शामिल होगा, साथ ही अडाणी द्वारा संचालित हवाई अड्डों से जुड़ी आगामी एयरपोर्ट सिटी परियोजनाओं में हॉलिडे इन और हॉलिडे इन एक्सप्रेस की प्रॉपर्टीज़ भी शामिल होंगी।
एएएचएल ने कहा कि यह समझौता भारत के एविएशन और टूरिज़्म सेक्टर में ज़बरदस्त ग्रोथ के बीच हुआ है, जहां एयरपोर्ट के आसपास होने वाले डेवलपमेंट तेजी से बड़े हॉस्पिटैलिटी और कमर्शियल हब के तौर पर उभर रहे हैं। इसकी मुख्य वजह यात्रियों की बढ़ती संख्या, घरेलू टूरिज़्म और बिज़नेस ट्रैवल की बढ़ती मांग है।
एएएचएल ने कहा कि वह अपनी उस रणनीति के तहत प्रमुख शहरों में लगभग 663 एकड़ में फैले एयरपोर्ट सिटी प्रोजेक्ट्स विकसित कर रहा है, जिसका उद्देश्य एविएशन, हॉस्पिटैलिटी, रिटेल और कमर्शियल इंफ्रास्ट्रक्चर को मिलाकर एकीकृत शहरी इकोसिस्टम बनाना है।
अडाणी एंटरप्राइजेज लिमिटेड के डायरेक्टर प्रणव अडाणी ने कहा कि इस पार्टनरशिप का मकसद भारत के बढ़ते एविएशन नेटवर्क के आसपास इंटीग्रेटेड ट्रैवल और हॉस्पिटैलिटी डेस्टिनेशन बनाना है। उन्होंने कहा, जैसे-जैसे अडाणी ग्रुप हॉस्पिटैलिटी और एयरपोर्ट-आधारित शहरी इंफ्रास्ट्रक्चर के क्षेत्र में अपना विस्तार कर रहा है, हमारा विज़न ऐसे विश्वस्तरीय डेस्टिनेशन बनाना है, जो भारत के तेजी से बढ़ते एविएशन इकोसिस्टम के साथ यात्रा, रहने और शहरी अनुभवों को सहजता से जोड़ सकें।
वहीं, आईएचजी होटल्स एंड रिसॉर्ट्स के दक्षिण-पश्चिम एशिया के मैनेजिंग डायरेक्टर सुदीप जैन ने कहा कि यह पार्टनरशिप भारत के हॉस्पिटैलिटी सेक्टर में बढ़ रहे मौकों को दिखाती है, खासकर एयरपोर्ट से जुड़े डेवलपमेंट के मामले में। उन्होंने कहा, अडाणी एयरपोर्ट होल्डिंग्स के साथ यह पार्टनरशिप उन बड़े मौकों को दिखाती है, जो हम भारत के हॉस्पिटैलिटी सेक्टर में लगातार देख रहे हैं, खासकर बड़े शहरों और एयरपोर्ट से जुड़े डेवलपमेंट में, जहां बिजनेस, घूमने-फिरने और ट्रांज़िट यात्रियों, सभी की तरफ से ज़बरदस्त मांग देखने को मिल रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर

