सीजफायर की खबर से झूमा शेयर बाजार, सेंसेक्स ने 3,018 अंक और निफ्टी ने 901 अंक तक की लगाई छलांग
- बाजार की तेजी से निवेशकों ने एक दिन में ही कमाए 16.33 लाख करोड़ रुपये
नई दिल्ली, 08 अप्रैल (हि.स.)। पश्चिम एशिया में जारी जंग के बीच दो सप्ताह के युद्धविराम की खबर आने से घरेलू शेयर बाजार आज जोरदार तेजी का गवाह बन गया। दिन के कारोबार में सेंसेक्स और निफ्टी दोनों सूचकांक लगभग चार प्रतिशत तक उछल गए। आज के कारोबार की शुरुआत भी जबरदस्त मजबूती के साथ हुई थी। बाजार खुलने के बाद खरीदारों ने लगातार लिवाली का जोर बनाए रखा। हालांकि बीच-बीच में मुनाफा वसूली के चक्कर में बिकवाली के झटके भी लगते रहे, जिससे बाजार की चाल में मामूली उतार चढ़ाव भी होता रहा। पूरे दिन के कारोबार के बाद सेंसेक्स 3.95 प्रतिशत और निफ्टी 3.78 प्रतिशत की बढ़त के साथ बंद हुए। ये पिछले कुछ महीनो के दौरान सेंसेक्स और निफ्टी दोनों सूचकांकों की सबसे बड़ी इंट्रा-डे उछाल है।
आज दिन भर के कारोबार के दौरान स्टॉक मार्केट के सभी सेक्टोरल इंडेक्स जोरदार मजबूती के साथ हरे निशान में बंद हुए। आज के कारोबार के दौरान ऑटोमोबाइल, बैंकिंग और कंज्यूमर ड्यूरेबल्स सेक्टर के शेयरों में सबसे अधिक खरीदारी होती रही। खरीदारी के सपोर्ट से ऑटोमोबाइल इंडेक्स 6.69 प्रतिशत, बैंकिंग इंडेक्स 5.67 प्रतिशत और कंज्यूमर ड्यूरेबल इंडेक्स 5.15 प्रतिशत की मजबूती हासिल कर बंद हुए।
इसी तरह कैपिटल गुड्स तथा ऑयल एंड गैस इंडेक्स भी तीन प्रतिशत से अधिक उछल कर बंद हुए। इसके अलावा एफएमसीजी, हेल्थकेयर, मेटल, पब्लिक सेक्टर एंटरप्राइज और टेक इंडेक्स भी जोरदार मजबूती के साथ बंद होने में सफल रहे। ब्रॉडर मार्केट में भी आज लगातार खरीदारी होती रही, जिसके कारण निफ्टी का मिडकैप इंडेक्स 4.03 प्रतिशत की तेजी के साथ बंद हुआ। इसी तरह स्मॉलकैप इंडेक्स ने 4.39 प्रतिशत की छलांग लगा कर आज के कारोबार का अंत किया।
आज शेयर बाजार में आई मजबूती के कारण स्टॉक मार्केट के निवेशकों की संपत्ति में 16 लाख करोड़ रुपये से भी अधिक की बढ़ोतरी हो गई। बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैपिटलाइजेशन आज के कारोबार के बाद बढ़ कर 445.59 लाख करोड़ रुपये (अनंतिम) हो गया। जबकि पिछले कारोबारी दिन यानी मंगलवार को इनका मार्केट कैपिटलाइजेशन 429.26 लाख करोड़ रुपये था। इस तरह निवेशकों को आज के कारोबार से करीब 16.33 लाख करोड़ रुपये का मुनाफा हो गया।
आज दिन भर के कारोबार में बीएसई में 4,497 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हुई। इनमें 3,858 शेयर बढ़त के साथ बंद हुए, जबकि 537 शेयरों में गिरावट का रुख रहा, वहीं 102 शेयर बिना किसी उतार चढ़ाव के बंद हुए। एनएसई में आज 3,045 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हुई। इनमें से 2,795 शेयर मुनाफा कमा कर हरे निशान में और 250 शेयर नुकसान उठा कर लाल निशान में बंद हुए। इसी तरह सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से 27 शेयर बढ़त के साथ और तीन शेयर गिरावट के साथ बंद हुए। जबकि निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से 41 शेयर हरे निशान में और नौ शेयर लाल निशान में बंद हुए।
बीएसई का सेंसेक्स आज 2,674.05 अंक की मजबूती के साथ 77,290.63 अंक के स्तर पर खुला। कारोबार की शुरुआत होने के बाद मंदड़ियों ने मुनाफा वसूली के लिए बिकवाली का दबाव बनाने की कोशिश भी की, जिससे इस सूचकांक की चाल में ओपनिंग लेवल से लगभग 250 अंक की गिरावट भी आई। हालांकि यह गिरावट अधिक देर तक टिक नहीं सकी। थोड़ी देर बाद खरीदारों ने लिवाली का जोर बना दिया, जिसके कारण सेंसेक्स की चाल में दोबारा तेजी आ गई।
लगातार हो रही खरीदारी के सपोर्ट से आज का कारोबार खत्म होने के थोड़ी देर पहले यह सूचकांक 3,018.96 अंक यानी 4.04 प्रतिशत की तेजी के साथ 77,635.54 अंक के स्तर पर आ गया। पूरे दिन के कारोबार के दौरान कई बार मुनाफा वसूली के चक्कर में बिकवाली के हल्के फुल्के झटके भी लगते रहे, जिससे इस सूचकांक की चाल में सीमित दायरे में उतार-चढ़ाव भी होता रहा। पूरे दिन के कारोबार के बाद सेंसेक्स 2,946.32 अंक की छलांग लगा कर 77,562.90 अंक के स्तर पर बंद हुआ।
सेंसेक्स की तरह ही एनएसई के निफ्टी ने आज 731.50 अंक उछल कर 23,855.15 अंक के स्तर से कारोबार की शुरुआत की। बाजार खुलते ही मुनाफा वसूली का दबाव बन जाने के कारण यह सूचकांक ओपनिंग लेवल से नीचे फिसल कर 23,828.50 अंक के स्तर तक आ गया। इसके बाद खरीदारों ने लिवाली का जोर बना दिया, जिससे निफ्टी ने रफ्तार पकड़ ली।
लगातार जारी लिवाली के कारण यह सूचकांक 901.50 अंक यानी 3.90 प्रतिशत की बढ़त के साथ 24,025.15 अंक के स्तर तक पहुंच गया। हालांकि बीच-बीच में मुनाफा वसूली की वजह से बिकवाली के झटके भी लगते रहे, जिससे इस सूचकांक की चाल में भी उतार-चढ़ाव होता रहा। पूरे दिन के कारोबार के बाद निफ्टी 873.70 अंक की मजबूती के साथ 23,997.35 अंक के स्तर पर बंद हुआ।
आज दिन भर हुई खरीद बिक्री के बाद स्टॉक मार्केट के दिग्गज शेयरों में से श्रीराम फाइनेंस 9.94 प्रतिशत, अदानी एंटरप्राइजेज 8.59 प्रतिशत, टीएमपीवी 8.44 प्रतिशत, इंटर ग्लोब एवियशन 8.12 प्रतिशत और आयशर मोटर्स 7.96 प्रतिशत की मजबूती के साथ आज के टॉप 5 गेनर्स की सूची में शामिल हुए। दूसरी ओर, कोल इंडिया 2.97 प्रतिशत, टेक महिंद्रा 1.49 प्रतिशत, नेस्ले 0.74 प्रतिशत, विप्रो 0.64 प्रतिशत और ओएनजीसी 0.40 प्रतिशत की गिरावट के साथ आज के टॉप 5 लूजर की सूची में शामिल हुए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक

