home page

सप्ताह के पहले दिन ही लाल हुआ शेयर बाजार, निवेशकों के 14.73 लाख करोड़ रुपये स्वाहा

 | 
सप्ताह के पहले दिन ही लाल हुआ शेयर बाजार, निवेशकों के 14.73 लाख करोड़ रुपये स्वाहा


नई दिल्ली, 12 अक्टूबर (हि.स.)। विदेशी निवेशकों द्वारा लगातार की जा रही बिकवाली, ऊंचे स्तर से हुई मुनाफा वसूली और हैवीवेट शेयरों की हुई बिक्री के कारण घरेलू शेयर बाजार आज सप्ताह के पहले दिन ही गिरावट का शिकार हो गया।

बिकवाली के दबाव में सेंसेक्स दिन के ऊपरी स्तर से 1,200 अंक से अधिक टूट गया। इसी तरह निफ्टी भी ऊपरी स्तर से 345 अंक से अधिक फिसल गया। हालांकि बाद में खरीदारी के सपोर्ट से इन दोनों सूचकांकों की स्थिति में कुछ सुधार भी हुआ। इसके बावजूद दोनों सूचकांक गिरावट से उबर नहीं सके। पूरे दिन के कारोबार के बाद सेंसेक्स 0.76 प्रतिशत और निफ्टी 0.70 प्रतिशत की कमजोरी के साथ बंद हुए। बाजार में आज की जोरदार बिकवाली की वजह से शेयर बाजार के निवेशकों की संपत्ति में लगभग 15 लाख करोड़ रुपये की कमी आ गई।

बीएसई का सेंसेक्स आज 298.99 अंक यानी 0.41 प्रतिशत की तेजी के साथ 72,771.32 अंक के स्तर पर खुला। कारोबार की शुरुआत होते ही खरीदारी के सपोर्ट से शुरुआती मिनट में ही यह सूचकांक 411.92 अंक यानी 0.57 प्रतिशत की तेजी के साथ 72,884.25 अंक के स्तर तक पहुंच गया। हालांकि यह तेजी टिक नहीं सकी। थोड़ी देर बाद ही बाजार में बिकवाली का दबाव बन गया, जिसकी वजह से सेंसेक्स अपनी सारी बढ़त खो कर लाल निशान में गिर गया।

शेयरों की लगातार हो रही बिक्री के कारण आज का कारोबार खत्म होने के थोड़ी देर पहले यह सूचकांक दिन के ऊपरी स्तर से 1,208.15 अंक टूट कर 796.23 अंक यानी 1.10 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 71,676.10 अंक के स्तर तक आ गया। अंत में इंट्रा-डे सेटलमेंट की वजह से हुई खरीदारी के सपोर्ट से सेंसेक्स दिन के निचले स्तर से 248.58 अंक की रिकवरी कर 547.65 अंक यानी 0.76 प्रतिशत की गिरावट के साथ 71,924.68 अंक के स्तर पर बंद हुआ।

सेंसेक्स की तरह ही एनएसई के निफ्टी ने आज 72.75 अंक यानी 0.32 प्रतिशत की बढ़त के साथ 22,593.20 अंक के स्तर से कारोबार की शुरुआत की। बाजार खुलते ही खरीदारी का सपोर्ट मिलने से यह सूचकांक कुछ ही देर में 130.65 अंक यानी 0.58 प्रतिशत उछल कर 22,651.10 अंक के स्तर तक आ गया। इसके बाद बाजार में बिकवाली शुरू हो गई। लगातार हो रही बिक्री की वजह से निफ्टी अपनी बढ़त गंवा कर कुछ देर में ही लाल निशान में पहुंच गया।

आज के कारोबार में ज्यादातर समय बिकवालों का पलड़ा भारी रहा, जिसकी वजह से आज का कारोबार खत्म होने के कुछ देर पहले यह सूचकांक दिन के ऊपरी स्तर से 346.65 अंक लुढ़क कर 216 अंक यानी 0.96 प्रतिशत की गिरावट के साथ 22,304.45 अंक के स्तर तक आ गया। अंत में दिन के सौदों के निपटारे के कारण हुई खरीदारी की मदद से यह सूचकांक दिन के निचले स्तर से 58.90 अंक सुधर कर 157.10 अंक यानी 0.70 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 22,363.35 अंक के स्तर पर बंद हुआ।

आज दिन भर के कारोबार के दौरान मीडिया सेक्टर के शेयरों की लगातार खरीदारी होती रही, जिसकी वजह से निफ्टी का मीडिया इंडेक्स 4 प्रतिशत से अधिक की मजबूती हासिल करने में सफल रहा। इसी तरह कैपिटल गुड्स सेक्टर के शेयरों की भी लगातार मांग बनी रही। इसके अलावा रियल्टी, ऑटोमोबाइल, हेल्थकेयर और पब्लिक सेक्टर एंटरप्राइज इंडेक्स भी मजबूती के साथ हरे निशान में बंद हुए।

दूसरी ओर, आईटी सेक्टर के शेयरों की आज लगातार बिकवाली होती रही, जिसकी वजह से बीएसई का टेक इंडेक्स एक प्रतिशत की गिरावट का शिकार हो गया। निफ्टी के आईटी इंडेक्स ने 0.79 प्रतिशत की कमजोरी के साथ आज के कारोबार का अंत किया। इसके अलावा बैंकिंग, एफएमसीजी, कंज्यूमर ड्यूरेबल्स, मेटल और ऑयल एंड गैस इंडेक्स भी गिरावट के साथ लाल निशान में बंद हुए। ब्रॉडर मार्केट में आज खरीदारी होती रही, जिसके कारण निफ्टी का मिडकैप इंडेक्स 0.08 प्रतिशत की मजबूती के साथ बंद हुआ, जबकि स्मॉलकैप इंडेक्स ने 1.42 प्रतिशत की बढ़त के साथ आज की कारोबार का अंत किया।

आज शेयर बाजार में आई गिरावट के कारण स्टॉक मार्केट के निवेशकों की संपत्ति में लगभग पौने पंद्रह लाख करोड़ रुपये की कमी आ गई। बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैपिटलाइजेशन आज के कारोबार के बाद घट कर 466.08 लाख करोड़ रुपये (अनंतिम) हो गया। पिछले सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन यानी शुक्रवार को इनका मार्केट कैपिटलाइजेशन 480.81 लाख करोड़ रुपये था। इस तरह निवेशकों को आज के कारोबार से करीब 14.73 लाख करोड़ रुपये का नुकसान हो गया।

आज दिन भर के कारोबार के दौरान बीएसई में 4,736 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हुई। इनमें 2,291 शेयर बढ़त के साथ बंद हुए, जबकि 2,164 शेयरों में गिरावट का रुख रहा, वहीं 281 शेयर बिना किसी उतार-चढ़ाव के बंद हुए। एनएसई में आज 3,285 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हुई। इनमें से 1,580 शेयर मुनाफा कमा कर हरे निशान में और 1,705 शेयर नुकसान उठा कर लाल निशान में बंद हुए। इसी तरह सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से 7 शेयर बढ़त के साथ और 23 शेयर गिरावट के साथ बंद हुए। निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से 14 शेयर हरे निशान में और 36 शेयर लाल निशान में बंद हुए।

आज दिन भर के कारोबार के बाद स्टॉक मार्केट के दिग्गज शेयरों में से डॉक्टर रेड्डीज लेबोरेट्रीज 2.71 प्रतिशत, बजाज ऑटो 2.62 प्रतिशत, टीएमपीवी 1.63 प्रतिशत, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स 1.56 प्रतिशत और बीएसई लिमिटेड 1.31 प्रतिशत की मजबूती के साथ आज के टॉप 5 गेनर्स की सूची में शामिल हुए। दूसरी ओर, अपोलो हॉस्पिटल 3.15 प्रतिशत, आईटीसी 3.05 प्रतिशत, टेक महिंद्रा 2.85 प्रतिशत, लार्सन एंड टूब्रो 2.05 प्रतिशत और मैक्स हेल्थकेयर 2.02 प्रतिशत की कमजोरी के साथ आज के टॉप 5 लूजर्स की सूची में शामिल हुए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक