home page

शेयर बाजार में लौटी रौनक, बाजार की मजबूती से निवेशकों को 6.78 लाख करोड़ का फायदा

 | 
शेयर बाजार में लौटी रौनक, बाजार की मजबूती से निवेशकों को 6.78 लाख करोड़ का फायदा


नई दिल्ली, 27 अप्रैल (हि.स.)। पिछले सप्ताह लगातार तीन दिन तक गिरावट का सामना करने के बाद आज सप्ताह के पहले कारोबार दिन बाजार में जबरदस्त रौनक दिखाई दी। पश्चिम एशिया में शांति होने की उम्मीद के कारण घरेलू शेयर बाजार आज बढ़त हासिल करने में सफल रहा। आज के कारोबार की शुरुआत भी मजबूती के साथ हुई थी। दिन के पहले सत्र में लगातार उतार चढ़ाव होता रहा। हालांकि सेंसेक्स और निफ्टी दोनों सूचकांक बिकवाली का दबाव बनने के बावजूद लगातार हरे निशान में ही कारोबार करते रहे। दिन के दूसरे सत्र में खरीदारों ने पूरी तरह से अपना जोर बना दिया। पूरे दिन के कारोबार के बाद सेंसेक्स 0.83 प्रतिशत और निफ्टी 0.81 प्रतिशत की बढ़त के साथ बंद हुए।

आज दिनभर के कारोबार के दौरान ज्यादातर सेक्टोरल इंडेक्स मजबूती के साथ कारोबार करते रहे। हेल्थकेयर, आईटी और मेटल सेक्टर के शेयरों में आज जम कर खरीदारी होती रही। इसी तरह पब्लिक सेक्टर एंटरप्राइज, टेक, ऑयल एंड गैस, एफएमसीजी, कंज्यूमर ड्युरेबल्स, कैपिटल गुड्स, ऑटोमोबाइल और बैंकिंग इंडेक्स भी मजबूती के साथ बंद हुए। ब्रॉडर मार्केट में भी आज लगातार खरीदारी होती रही, जिसके कारण निफ्टी का मिडकैप इंडेक्स 1.47 प्रतिशत की मजबूती के साथ बंद हुआ। इसी तरह स्मॉलकैप इंडेक्स ने 1.90 प्रतिशत की बढ़त के साथ आज के कारोबार का अंत किया।

आज शेयर बाजार में आई मजबूती के कारण स्टॉक मार्केट के निवेशकों की संपत्ति में पौने सात लाख करोड़ रुपये से भी अधिक की बढ़ोतरी हो गई। बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैपिटलाइजेशन आज के कारोबार के बाद बढ़ कर 467.95 लाख करोड़ रुपये (अनंतिम) हो गया। जबकि पिछले सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन यानी शुक्रवार को इनका मार्केट कैपिटलाइजेशन 461.17 लाख करोड़ रुपये था। इस तरह निवेशकों को आज के कारोबार से करीब 6.78 लाख करोड़ रुपये का मुनाफा हो गया।

आज दिनभर के कारोबार में बीएसई में 4,556 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हुई। इनमें 3,075 शेयर बढ़त के साथ बंद हुए, जबकि 1,288 शेयरों में गिरावट का रुख रहा, वहीं 193 शेयर बिना किसी उतार चढ़ाव के बंद हुए। एनएसई में आज 2,996 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हुई। इनमें से 2,359 शेयर मुनाफा कमा कर हरे निशान में और 637 शेयर नुकसान उठा कर लाल निशान में बंद हुए। इसी तरह सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से 23 शेयर बढ़त के साथ और सात शेयर गिरावट के साथ बंद हुए। जबकि निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से 41 शेयर हरे निशान में और नौ शेयर लाल निशान में बंद हुए।

बीएसई का सेंसेक्स आज 191.84 अंक की मजबूती के साथ 76,856.05 अंक के स्तर पर खुला। कारोबार की शुरुआत होने के बाद तेजड़ियों और मंदड़ियों के बीच खींचतान शुरू हो गई, जिसके कारण इस सूचकांक की चाल में भी उतार-चढ़ाव होने लगा। बिकवाली के दबाव में सेंसेक्स 76,754.20 अंक के स्तर तक आ गया। राहत की बात यही रही कि बिकवाली होने के बावजूद यह सूचकांक लगातार हरे निशान में ही कारोबार करता रहा।

दिन के दूसरे सत्र में बाजार पर तेजड़िए पूरी तरह से हावी हो गए, जिसके कारण दोपहर दो बजे के करीब यह सूचकांक 755.83 अंक की तेजी के साथ 77,420.04 अंक के स्तर पर पहुंच गया। अंत में मुनाफा वसूली के चक्कर में हुई मामूली बिकवाली के कारण सेंसेक्स ऊपरी स्तर से 115 अंक से अधिक फिसल कर 639.42 अंक की बढ़त के साथ 77,303.63 अंक के स्तर पर बंद हुआ।

सेंसेक्स की तरह ही एनएसई के निफ्टी ने आज 47.50 अंक उछल कर 23,945.45 अंक के स्तर से कारोबार की शुरुआत की। बाजार खुलने के बाद बिकवाली का दबाव बनने पर यह सूचकांक फिसल कर 23,936.20 के स्तर तक आ गया। इसके बाद खरीदारों ने लिवाली का जोर बना दिया, जिससे निफ्टी की चाल में दोबारा तेजी आ गई। दिन के पहले सत्र में इस सूचकांक की चाल में लगातार उतार चढ़ाव होता रहा। वहीं दिन के दूसरे सत्र में खरीदारों ने ज्यादातर समय लिवाली का जोर बनाए रखा।

लगातार हो रही लिवाली के सपोर्ट से निफ्टी दोपहर दो बजे के करीब 232.75 की तेजी के साथ 24,130.70 अंक के स्तर तक पहुंचने में सफल रहा। अंत में इंट्रा-डे सेटलमेंट के कारण हुई बिकवाली के कारण निफ्टी दिन के ऊपरी स्तर से करीब 38 अंक लुढ़क कर 194.75 अंक की मजबूती के साथ 24,092.70 अंक के स्तर पर बंद हुआ।

आज दिनभर हुई खरीद-बिक्री के बाद स्टॉक मार्केट के दिग्गज शेयरों में से सन फार्मास्युटिकल्स 6.98 प्रतिशत, जियो फाइनेंशियल 3.22 प्रतिशत, रिलायंस इंडस्ट्रीज 2.86 प्रतिशत, विप्रो 2.85 प्रतिशत और टेक महिंद्रा 2.77 प्रतिशत की मजबूती के साथ आज के टॉप 5 गेनर्स की सूची में शामिल हुए। दूसरी ओर, श्रीराम फाइनेंस 3.62 प्रतिशत, एक्सिस बैंक 3.05 प्रतिशत, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स 1.99 प्रतिशत, टाटा कंज्यूमर प्रोडक्ट्स 1.15 प्रतिशत और आईसीआईसीआई बैंक 0.91 प्रतिशत की कमजोरी के साथ आज के टॉप 5 लूजर्स की सूची में शामिल हुए।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक