लगातार तीसरे दिन गिरावट के साथ बंद हुआ शेयर बाजार, सेंसेक्स और निफ्टी लुढ़के
नई दिल्ली, 22 अक्टूबर (हि.स.)। हूती विद्रोहियों द्वारा सऊदी पर किए गए हमले की वजह से बने वैश्विक तनाव और कच्चे तेल की ऊंची कीमत की आग में आज घरेलू शेयर बाजार बुरी तरह से झुलस गया। वैश्विक स्तर पर बने तनाव की वजह से घरेलू शेयर बाजार में आज ज्यादातर समय बिकवाली का दबाव बना रहा। हालांकि, दिन के पहले सत्र के दौरान पीएसयू बैंक और फार्मा शेयरों के सहारे बाजार ने निचले स्तरों से संभलने की कोशिश की लेकिन आईटी, एफएमसीजी और ऑटो सेक्टर्स में हुई ताबड़तोड़ बिकवाली के कारण यह रिकवरी टिक नहीं सकी। पूरे दिन के कारोबार के बाद शेयर बाजार लगातार तीसरे कारोबारी दिन भारी गिरावट के साथ लाल निशान में बंद हुआ।
आज के कारोबार की शुरुआत भी गिरावट के साथ लाल निशान में ही हुई थी। हालांकि बाजार खुलने के बाद खरीदारों ने लिवाली का जोर बनाने की कोशिश की, जिससे सेंसेक्स और निफ्टी दोनों सूचकांकों की चाल में थोड़ा सुधार भी हुआ। पहले दो घंटे के कारोबार में बाजार में लिवाली का जोर बना हुआ नजर आया, लेकिन इसके बाद बाजार पर बिकवाल हावी हो गए। खासकर, दिन के दूसरे सत्र में बाजार में ऊपरी स्तर से शुरू हुई मुनाफावसूली और वैश्विक दबाव के कारण बिकवाली का ऐसा दबाव बना, जिससे सेंसेक्स और निफ्टी दोनों सूचकांक गिरते चले गए। पूरे दिन के कारोबार के बाद सेंसेक्स 0.62 प्रतिशत की कमजोरी के साथ बंद हुआ। इसी तरह निफ्टी ने 0.54 प्रतिशत की गिरावट के साथ आजो के कारोबार का अंत किया।
बाजार में लगातार हो रही बिकवाली के इस तगड़े झटके के कारण सेंसेक्स ने आज दिन के ऊपरी स्तर से 700 अंक से अधिक का गोता लगाया, जबकि निफ्टी भी अपने ऊपरी स्तर से 250 अंक से अधिक टूट कर 22,700 अंक के मनोवैज्ञानिक स्तर के नीचे फिसलने पर मजबूर हो गया। बाजार में आज हुई इस चौतरफा बिकवाली के कारण शेयर बाजार के निवेशकों की संपत्ति में करीब 4 लाख करोड़ रुपये की भारी गिरावट आ गई।
बीएसई का सेंसेक्स आज पिछले क्लोजिंग लेवल 73,709.69 अंक के मुकाबले 366.36 अंक यानी 0.50 प्रतिशत की गिरावट के साथ 73,343.33 अंक के स्तर पर खुला। बाजार खुलते ही शुरुआती लिवाली के सपोर्ट से यह सूचकांक थोड़ी ही देर में ही हरे निशान में 73,720.83 अंक के ऊपरी स्तर तक पहुंचने में कामयाब रहा। हालांकि यह बढ़त ज्यादा देर नहीं टिक सकी।
शुरुआती दो घंटे के कारोबार के बाद ही बाजार में मुनाफावसूली शुरू हो गई। चौतरफा बिकवाली के दबाव में सेंसेक्स ऊपरी स्तर से 715 अंक से अधिक लुढ़क कर 704.58 अंक यानी 0.96 प्रतिशत की गिरावट के साथ 73,005.11 अंक के निचले स्तर तक आ गया। अंत में, निचले स्तरों पर हुई खरीदारी के दम पर सेंसेक्स दिन के निचले स्तर से 244.28 अंक सुधर कर 460.30 अंक यानी 0.62 प्रतिशत की गिरावट के साथ 73,249.39 अंक के स्तर पर बंद हुआ।
सेंसेक्स की तरह एनएसई के निफ्टी ने आज 123.60 अंक यानी 0.54 प्रतिशत टूट कर 22,687.75 अंक के स्तर से कारोबार की शुरुआत की। कारोबार के शुरुआती दौर में हुई खरीदारी के सहारे यह सूचकांक 22,785 अंक के ऊपरी स्तर तक गया। इसके बाद बाजार पर बिकवाल पूरी तरह हावी हो गए, जिससे निफ्टी की कमजोरी दोबारा बढ़ती चली गई। हालांकि खरीदारों ने बीच में कई बार लिवाली का जोर बना कर बाजार को सपोर्ट देने की कोशिश की लेकिन बिकवाली के जबरदस्त दबाव के आगे उनकी कोई भी कोशिश सफल नहीं हो सकी।
बाजार में लगातार जारी बिकवाली के कारण निफ्टी दिन 256.50 अंक यानी 1.12 प्रतिशत फिसल कर 22,554.85 अंक के निचले स्तर तक आ गया। हालांकि क्लोजिंग से कुछ देर पहले बाजार को फार्मा और पीएसयू बैंकिंग सेक्टर के शेयरों से थोड़ा सहारा मिला, जिसके बाद निफ्टी निचले स्तर से 132.80 अंक सुधर कर 123.70 अंक यानी 0.54 प्रतिशत की गिरावट के साथ 22,687.65 अंक के स्तर पर बंद हुआ।
आज दिनभर के कारोबार के दौरान सेक्टरोल इंडेक्सों में मिला-जुला रुख देखा गया। बाजार में मची बिकवाली के बीच केवल निफ्टी पीएसयू बैंक इंडेक्स 0.07 प्रतिशत और निफ्टी फार्मा इंडेक्स 0.12 प्रतिशत की बढ़त के साथ हरे निशान में बंद होने में कामयाब रहे। इसके विपरीत, निफ्टी एफएमसीजी इंडेक्स 1.41 प्रतिशत, निफ्टी आईटी इंडेक्स 1.05 प्रतिशत और निफ्टी ऑटो इंडेक्स 0.73 प्रतिशत की भारी गिरावट के साथ बंद हुए। ब्रॉडर मार्केट में भी आज के कारोबार के दौरान लगातार दबाव बना रहा, जिसके कारण निफ्टी का मिडकैप 100 इंडेक्स 0.87 प्रतिशत की गिरावट के साथ बंद हुआ। इसी तरह स्मॉलकैप इंडेक्स 1.14 प्रतिशत की कमजोरी के साथ आज के कारोबार का अंत किया।
आज शेयर बाजार में आई कमजोरी के कारण स्टॉक मार्केट के निवेशकों की संपत्ति में लगभग चार लाख करोड़ रुपये की कमी आ गई। बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैपिटलाइजेशन आज के कारोबार के बाद घट कर 458.39 लाख करोड़ रुपये (अनंतिम) हो गया। जबकि पिछले कारोबारी दिन यानी बुधवार को इनका मार्केट कैपिटलाइजेशन 462.38 लाख करोड़ रुपये था। इस तरह निवेशकों को आज के कारोबार से करीब 3.99 लाख करोड़ रुपये का नुकसान हो गया।
आज दिनभर के कारोबार के दौरान बीएसई में 4,565 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हुई। इनमें 1,462 शेयर बढ़त के साथ बंद हुए, जबकि 2,873 शेयरों में गिरावट का रुख रहा, वहीं 230 शेयर बिना किसी उतार चढ़ाव के बंद हुए। एनएसई में आज 3,238 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हुई। इनमें से 891 शेयर मुनाफा कमा कर हरे निशान में और 2,347 शेयर नुकसान उठा कर लाल निशान में बंद हुए। इसी तरह सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से 11 शेयर बढ़त के साथ और 19 शेयर गिरावट के साथ बंद हुए। जबकि निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से 13 शेयर हरे निशान में और 37 शेयर लाल निशान में बंद हुए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक

