home page

लगातार तीसरे दिन गिरावट के साथ बंद हुआ शेयर बाजार, निवेशकों को 1 दिन में 4.10 लाख करोड़ की चपत

 | 
लगातार तीसरे दिन गिरावट के साथ बंद हुआ शेयर बाजार, निवेशकों को 1 दिन में 4.10 लाख करोड़ की चपत


नई दिल्ली, 22 जुलाई (हि.स.)। घरेलू शेयर बाजार आज लगातार तीसरे दिन बड़ी गिरावट के साथ बंद हुआ। आज के कारोबार की शुरुआत भी कमजोरी के साथ हुई थी। बाजार खुलने के थोड़ी देर बाद ही बिकवाली का दबाव बन गया, जिसकी वजह से सेंसेक्स और निफ्टी दोनों सूचकांकों की कमजोरी लगातार बढ़ती चली गई। हालांकि खरीदारों ने बीच-बीच में कई बार लिवाली का जोर बनाने की कोशिश की लेकिन बिकवाली का दबाव इतना अधिक था कि बाजार की चाल पर कोई खास असर नहीं पड़ा। पूरे दिन के कारोबार के बाद सेंसेक्स 0.92 प्रतिशत और निफ्टी 0.79 प्रतिशत की कमजोरी के साथ बंद हुए।

माना जा रहा है कि घरेलू शेयर बाजार आज पश्चिम एशिया में जारी तनाव और कच्चे तेल की कीमत में आई तेजी की वजह से तो बुरी तरह से प्रभावित हुआ ही, चुनिंदा सेक्टर्स के शेयरों में हुई जोरदार बिकवाली ने भी बाजार का मूड खराब कर दिया। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा जेनेरिक दवा पर भारी भरकम टैरिफ लगाने का ऐलान करने की वजह से फार्मास्यूटिकल सेक्टर में आज चौतरफा बिकवाली होती रही। इसी तरह आईटी और बैंकिंग सेक्टर भी बिकवाली के दबाव में धराशाई हो गए। तीन प्रमुख सेक्टर्स में हुई जोरदार बिकवाली की वजह से शेयर बाजार के सेंटिमेंट्स आज बाजार खुलने के बाद से ही लगातार खराब बने रहे, जिसका असर सेंसेक्स और निफ्टी दोनों सूचकांकों की गिरावट के रूप में नजर आया।

बीएसई का सेंसेक्स आज 85.16 अंक यानी 0.11 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 77,384.95 अंक के स्तर पर खुला। कारोबार की शुरुआत होने के थोड़ी देर बाद ही बाजार में बिकवाली का दबाव बन गया, जिसकी वजह से यह सूचकांक गिरता चला गया। लगातार हो रही बिकवाली के कारण दोपहर 12 बजे के थोड़ी देर बाद सेंसेक्स 828.92 अंक यानी 1.07 प्रतिशत टूट कर 76,641.19 अंक तक गिर गया।

इसके बाद खरीदारों ने लिवाली का जोर बना कर बाजार को सहारा देने की कोशिश की लेकिन बिकवाली के जबरदस्त दबाव की वजह से उनकी कोशिश सफल नहीं हो सकी। पूरे दिन के कारोबार के बाद सेंसेक्स दिन के निचले स्तर से 110 अंक से अधिक की रिकवरी कर 715.06 अंक लुढ़क कर 76,755.05 अंक के स्तर पर बंद हुआ।

सेंसेक्स की तरह एनएसई के निफ्टी ने आज 37.25 अंक यानी 0.15 प्रतिशत टूट कर 24,150.45 अंक के स्तर से कारोबार की शुरुआत की। बाजार खुलते ही खरीदारी का सपोर्ट मिलने से यह सूचकांक मामूली रिकवरी के साथ 24,166.30 अंक के स्तर तक पहुंचा लेकिन इसके बाद बिकवाली का दबाव बन गया। लगातार हो रही बिकवाली की वजह से निफ्टी 226.30 अंक यानी 0.94 प्रतिशत की गिरावट के साथ 23,961.40 अंक के स्तर तक पहुंच गया।

इसके बाद खरीदारों ने लिवाली का जोर बना कर बाजार को सहारा देने की कोशिश भी की, जिससे इस सूचकांक की चाल में कुछ सुधार भी हुआ। हालांकि बिकवाली का दबाव इतना अधिक था कि खरीदारों की कोई भी कोशिश ज्यादा सफल नहीं हो सकी। दिनभर हुई खरीद-बिक्री के बाद निफ्टी दिन के निचले स्तर से करीब 35 अंक की रिकवरी कर 191.45 अंक की कमजोरी के साथ 23,996.25 अंक के स्तर पर बंद हुआ।

आज दिनभर के कारोबार के दौरान फार्मास्यूटिकल, बैंकिंग और आईटी सेक्टर के शेयरों में जम कर बिकवाली होती रही। इसके साथ ही मीडिया सेक्टर भी आज जबरदस्त गिरावट का शिकार हो गया। जोरदार बिकवाली की वजह से निफ्टी का मीडिया इंडेक्स 2.68 प्रतिशत टूट गया। इसी तरह निफ्टी का रियल्टी इंडेक्स भी 2.60 प्रतिशत की कमजोरी के साथ बंद हुआ। इसके अलावा कंज्यूमर ड्यूरेबल्स, इंफ्रास्ट्रक्चर, ऑयल एंड गैस, मेटल और एनर्जी इंडेक्स भी गिरावट के साथ बंद हुए।

दूसरी ओर, ऑटोमोबाइल और एफएमसीजी सेक्टर के शेयरों में आज खरीदारी होती रही। ब्रॉडर मार्केट में भी आज लगातार बिकवाली का दबाव बना रहा, जिसके कारण निफ्टी का मिडकैप इंडेक्स 1.09 प्रतिशत की कमजोरी के साथ बंद हुआ। इसी तरह स्मॉलकैप इंडेक्स ने 1.54 प्रतिशत की गिरावट के साथ आज के कारोबार का अंत किया।

आज शेयर बाजार में आई कमजोरी के कारण स्टॉक मार्केट के निवेशकों की संपत्ति में चार लाख करोड़ रुपये से अधिक की कमी हो गई। बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैपिटलाइजेशन आज के कारोबार के बाद घट कर 480.11 लाख करोड़ रुपये (अनंतिम) हो गया। जबकि पिछले कारोबारी दिन यानी मंगलवार को इनका मार्केट कैपिटलाइजेशन 484.21 लाख करोड़ रुपये था। इस तरह निवेशकों को आज के कारोबार से करीब 4.10 लाख करोड़ रुपये का नुकसान हो गया।

आज दिनभर के कारोबार में बीएसई में 4,418 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हुई। इनमें 1,458 शेयर बढ़त के साथ बंद हुए, जबकि 2,780 शेयरों में गिरावट का रुख रहा, वहीं 180 शेयर बिना किसी उतार-चढ़ाव के बंद हुए। एनएसई में आज 2,995 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हुई। इनमें से 875 शेयर मुनाफा कमा कर हरे निशान में और 2,120 शेयर नुकसान उठा कर लाल निशान में बंद हुए। इसी तरह सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से 6 शेयर बढ़त के साथ और 24 शेयर गिरावट के साथ बंद हुए। जबकि निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से 11 शेयर हरे निशान में और 39 शेयर लाल निशान में बंद हुए।

पूरे दिन के कारोबार के बाद स्टॉक मार्केट के दिग्गज शेयरों में से बजाज ऑटो 5.72 प्रतिशत, नेस्ले 2.87 प्रतिशत, टाटा कंज्यूमर प्रोडक्ट्स 1.24 प्रतिशत, पावर ग्रिड कॉरपोरेशन 0.91 प्रतिशत और ओएनजीसी 0.80 प्रतिशत की मजबूती के साथ आज के टॉप 5 गेनर्स की सूची में शामिल हुए। दूसरी ओर, इंटरग्लोब एवियशन 3.54 प्रतिशत, जियो फाइनेंशियल 2.18 प्रतिशत, इंफोसिस 1.99 प्रतिशत, डॉक्टर रेड्डीज लेबोरेट्रीज 1.92 प्रतिशत और स्टेट बैंक ऑफ इंडिया 1.86 प्रतिशत की कमजोरी के साथ आज के टॉप 5 लूजर्स की सूची में शामिल हुए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक