महाराष्ट्र दिवस पर स्टॉक मार्केट में एक मई को छुट्टी, एमसीएक्स में शाम के सत्र में होगा कारोबार
नई दिल्ली, 26 अप्रैल (हि.स.)। घरेलू शेयर बाजार में इस सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन शुक्रवार यानी एक मई को महाराष्ट्र दिवस के मौके पर छुट्टी रहेगी। इस कारण बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) में शुक्रवार को कारोबार नहीं होगा। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज की तरह ही मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) में भी महाराष्ट्र दिवस की छुट्टी होने की वजह से पहले सत्र में यानी सुबह नौ बजे से शाम पांच बजे तक कारोबार नहीं होगा। हालांकि, एमसीएक्स में शाम पांच बजे से रात 11:30 तथा 11:55 बजे तक दूसरे सत्र में सामान्य कारोबार होगा।
स्टॉक एक्सचेंज के अनुसार महाराष्ट्र दिवस की छुट्टी होने के कारण एक मई को बीएसई में इक्विटी सेगमेंट, इक्विटी डेरिवेटिव सेगमेंट, करेंसी डेरिवेटिव्स सेगमेंट्स, न्यू डेट सेगमेंट- रिपोर्टिंग, सेटलमेंट एंड ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म (एनडीएस-आरएसटी), ट्राई पार्टी रेपो, इलेक्ट्रॉनिक गोल्ड रिसीप्ट्स (ईजीआर), कमोडिटी डेरिवेटिव्स सेगमेंट सभी के लिए ट्रेडिंग हॉलिडे रहेगा।
इसी तरह एनएसई में भी महाराष्ट्र दिवस की छुट्टी होने के कारण एक मई को इक्विटीज, इक्विटी डेरिवेटिव्स, कॉरपोरेट बॉन्ड्स, न्यू डेट सेगमेंट्स, निगोशिएटेड ट्रेड रिपोर्टिंग प्लेटफॉर्म, म्यूचुअल फंड्स, सिक्योरिटी लेंडिंग एंड बॉरोइंग स्कीम्स, करेंसी डेरिवेटिव्स, कमोडिटी डेरिवेटिव्स और इंट्रेस्ट रेट डेरिवेटिव्स सभी सेगमेंट्स में छुट्टी रहेगी। इनमें इस दिन कोर्ई कारोबार नहीं होगा।
स्टॉक मार्केट के हॉलिडे कैलेंडर के अनुसार इसके अलावा 28 मई को बकरीद की वजह से स्टॉक मार्केट बंद रहेगा। इस हॉलिडे कैलेंडर के मुताबिक जून के महीने में सिर्फ एक दिन 26 जून को मोहर्रम के कारण स्टॉक मार्केट में कारोबार नहीं होगा। इसके बाद जुलाई और अगस्त में स्टॉक मार्केट में साप्ताहिक छुट्टियों के अलावा और कोई छुट्टी नहीं होगी। सितंबर के महीने में 14 तारीख को गणेश चतुर्थी की छुट्टी होगी।
इसके बाद अक्टूबर के महीने में दो तारीख को महात्मा गांधी जयंती के कारण स्टॉक मार्केट में कोई कारोबार नहीं होगा। इसी महीने 20 तारीख को स्टॉक मार्केट में दशहरा की छुट्टी होगी, जबकि 10 नवंबर को बलि प्रतिपदा के कारण स्टॉक मार्केट में छुट्टी रहेगी। नवंबर के महीने में 24 तारीख को श्री गुरु नानक देव गुरु परब की छुट्टी रहेगी। इसी तरह साल के आखिरी महीने दिसंबर में 25 तारीख को क्रिसमस की छुट्टी रहेगी।
इस साल स्वतंत्रता दिवस यानी 15 अगस्त शनिवार के दिन रहने वाला है। इसी तरह दिवाली आठ नवंबर को रविवार के दिन होगी। शनिवार और रविवार होने की वजह से इन दोनों दिनों को स्टॉक मार्केट के हॉलिडे कैलेंडर में शामिल नहीं किया गया है। दिवाली के दिन रविवार होने के बावजूद स्टॉक मार्केट में मुहूर्त ट्रेडिंग होगी। हालांकि, मुहूर्त ट्रेडिंग का समय बाद में घोषित किया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक

