home page

बढ़त हासिल करने के बाद मुनाफा वसूली का शिकार हुआ शेयर बाजार, निवेशकों को लगा 72 हजार करोड़ का चूना

 | 
बढ़त हासिल करने के बाद मुनाफा वसूली का शिकार हुआ शेयर बाजार, निवेशकों को लगा 72 हजार करोड़ का चूना


नई दिल्ली, 29 जून (हि.स.)। ऑटोमोबाइल और आईटी सेक्टर के शेयरों में हुई जोरदार बिकवाली, दिन के ऊपरी स्तर से हुई मुनाफा वसूली और इंडिया वोलैटिलिटी इंडेक्स में आए तेज उछाल की वजह से घरेलू शेयर बाजार आज मजबूती हासिल करने के बाद गिरावट का शिकार होकर बंद हुआ। आज शेयर बाजार ने सपाट स्तर पर मिली जुली शुरुआत की थी। दिन के पहले सत्र में उतार-चढ़ाव के बीच खरीदारी का जोर बना रहा, लेकिन दूसरा सत्र शुरू होने के कुछ देर पहले ही बाजार में बिकवाली का दबाव बन गया। इसकी वजह से सेंसेक्स और निफ्टी दोनों सूचकांक लाल निशान में लुढ़क गए। सेंसेक्स इंट्रा-डे में 600 अंक से अधिक फिसल गया। इसी तरह निफ्टी दिन के ऊपरी स्तर से 195 अंक से अधिक टूट गया। पूरे दिन के कारोबार के बाद सेंसेक्स 0.48 प्रतिशत और निफ्टी 0.46 प्रतिशत की कमजोरी के साथ बंद हुए।

आज दिन भर के कारोबार के दौरान ऑटोमोबाइल, आईटी और ऑयल एंड गैस सेक्टर के शेयरों में जम कर बिकवाली होती रही। इसी तरह बैंकिंग, कंज्यूमर ड्यूरेबल्स, एफएमसीजी और टेक इंडेक्स भी गिरावट के साथ लाल निशान में बंद हुए। दूसरी ओर, पब्लिक सेक्टर एंटरप्राइज, मेटल और कैपिटल गुड्स इंडेक्स बढ़त के साथ बंद हुए। ब्रॉडर मार्केट में आज आमतौर पर बिकवाली का दबाव बना रहा, जिसके कारण निफ्टी का मिडकैप इंडेक्स 0.37 प्रतिशत की कमजोरी के साथ बंद हुआ। इसी तरह स्मॉलकैप इंडेक्स ने 0.62 प्रतिशत की गिरावट के साथ आज के कारोबार का अंत किया।

आज शेयर बाजार में आई कमजोरी के कारण स्टॉक मार्केट के निवेशकों की संपत्ति में 70 हजार करोड़ रुपये से भी अधिक की कमी हो गई। बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैपिटलाइजेशन आज के कारोबार के बाद घट कर 473.90 लाख करोड़ रुपये (अनंतिम) हो गया। पिछले सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन यानी गुरुवार को इनका मार्केट कैपिटलाइजेशन 474.62 लाख करोड़ रुपये था। इस तरह निवेशकों को आज के कारोबार से करीब 72 हजार करोड़ रुपये का नुकसान हो गया।

आज दिन भर के कारोबार में बीएसई में 4,559 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हुई। इनमें 1,712 शेयर बढ़त के साथ बंद हुए, जबकि 2,629 शेयरों में गिरावट का रुख रहा, वहीं 218 शेयर बिना किसी उतार चढ़ाव के बंद हुए। एनएसई में आज 3,024 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हुई। इनमें से 1,106 शेयर मुनाफा कमा कर हरे निशान में और 1,918 शेयर नुकसान उठा कर लाल निशान में बंद हुए। इसी तरह सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से 13 शेयर बढ़त के साथ और 17 शेयर गिरावट के साथ बंद हुए। जबकि निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से 25 शेयर हरे निशान में और 25 शेयर लाल निशान में बंद हुए।

बीएसई का सेंसेक्स आज 45.26 अंक की मामूली गिरावट के साथ 77,055.21 अंक के स्तर पर खुला। कारोबार की शुरुआत होने के कुछ देर बाद खरीदारी के सपोर्ट से सेंसेक्स उछल कर हरे निशान में 77,252.78 अंक तक पहुंच गया।

इसके बाद मुनाफा वसूली के चक्कर में शुरू हुई बिकवाली की वजह से इस सूचकांक की चाल में गिरावट आने लगी। शेयरों की लगातार हो रही बिक्री के कारण सेंसेक्स दिन के ऊपरी स्तर से 631.03 अंक लुढ़क कर 478.72 अंक की कमजोरी के साथ 76,621.75 अंक तक आ गया। इसके बाद खरीदारों ने कई बार लिवाली का जोर बनाकर इस सूचकांक को सहारा देने की कोशिश की, लेकिन बिकवाली का दबाव इतना अधिक था कि इस सूचकांक की चाल पर कोई विशेष असर नहीं पड़ सका। पूरे दिन के कारोबार के बाद सेंसेक्स 372.10 अंक टूट कर 76,728.37 अंक के स्तर पर बंद हुआ।

सेंसेक्स के विपरीत एनएसई के निफ्टी ने आज 5.75 अंक की मामूली बढ़त के साथ 24,061.75 अंक के स्तर से कारोबार की शुरुआत की। बाजार खुलने के थोड़ी देर बाद खरीदारी के सपोर्ट से यह सूचकांक 64 अंक की मजबूती के साथ 24,120 अंक के स्तर तक पहुंच गया। इसके बाद मुनाफा वसूली के चक्कर में शेयरों की बिक्री शुरू हो गई, जिससे निफ्टी की चाल में भी गिरावट आने लगी। लगातार हो रही बिकवाली की वजह से यह सूचकांक दिन के ऊपरी स्तर से 195.45 अंक फिसल कर 131.45 अंक की कमजोरी के साथ 23,924.55 अंक के स्तर तक पहुंच गया। अंत में इंट्रा-डे सेटलमेंट की वजह से हुई खरीदारी के कारण निफ्टी दिन के निचले स्तर से करीब 21 अंक सुधर कर 109.75 अंक की गिरावट के साथ 23,946.25 अंक के स्तर पर बंद हुआ।

आज दिन भर हुई खरीद बिक्री के बाद स्टॉक मार्केट के दिग्गज शेयरों में से मैक्स हेल्थकेयर 2.36 प्रतिशत, कोल इंडिया 2.17 प्रतिशत, डॉक्टर रेड्डीज लेबोरेट्रीज 1.87 प्रतिशत, एटरनल 1.67 प्रतिशत और ट्रेंट लिमिटेड 1.31 प्रतिशत की मजबूती के साथ आज के टॉप 5 गेनर्स की सूची में शामिल हुए। दूसरी ओर, कोटक महिंद्रा 3.30 प्रतिशत, महिंद्रा एंड महिंद्रा 2.80 प्रतिशत, अदानी एंटरप्राइजेज 2.49 प्रतिशत, इंटर ग्लोब एवियशन 2.47 प्रतिशत और मारुति सुजुकी 2.42 प्रतिशत की कमजोरी के साथ आज के टॉप 5 लूजर्स की सूची में शामिल हुए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक