home page

पश्चिम एशिया शांति वार्ता की उम्मीद में उछला शेयर बाजार, सेंसेक्स और निफ्टी ने लगाई जोरदार छलांग

 | 
पश्चिम एशिया शांति वार्ता की उम्मीद में उछला शेयर बाजार, सेंसेक्स और निफ्टी ने लगाई जोरदार छलांग


- बाजार की मजबूती से निवेशकों को 9.11 लाख करोड़ का फायदा

नई दिल्ली, 15 अप्रैल (हि.स.)। घरेलू शेयर बाजार ने आज एक बार फिर जबरदस्त मजबूती दिखाई। आज के कारोबार की शुरुआत भी बढ़त के साथ हुई थी। हालांकि बाजार में बीच-बीच में मुनाफा वसूली भी होती रही। इसके बावजूद सेंसेक्स और निफ्टी दोनों सूचकांकों की मजबूती लगातार बनी रही। मुनाफा वसूली के चक्कर में बीच-बीच में बिकवाली का दबाव बनने के बावजूद सेंसेक्स हमेशा 1,000 अंक से अधिक की मजबूती के साथ कारोबार करता रहा। इसी तरह निफ्टी में भी 300 अंक से अधिक की तेजी लगातार बनी रही। पूरे दिन के कारोबार के बाद सेंसेक्स 1.64 प्रतिशत और निफ्टी 1.63 प्रतिशत की मजबूती के साथ बंद हुए।

अमेरिका और ईरान के बीच एक बार फिर शांति वार्ता शुरू होने की उम्मीद के कारण मार्केट सेंटीमेंट्स में आज जबरदस्त सुधार हुआ। इसकी वजह से कच्चे तेल की कीमत में भी गिरावट आ गई। साथ ही डॉलर की तुलना में भारतीय मुद्रा रुपया में भी लगातार मजबूती बनी रही। इन सभी कारकों ने शेयर बाजार में दिनभर उत्साह का माहौल बनाए रखा, जिसकी वजह से सेंसेक्स और निफ्टी शानदार मजबूती के साथ बंद होने में सफल रहे।

आज दिनभर के कारोबार के दौरान सभी सेक्टोरल इंडेक्स मजबूती के साथ हरे निशान में कारोबार करते रहे। इनमें आईटी, कैपिटल गुड्स, कंज्यूमर ड्यूरेबल, ऑयल एंड गैस, पब्लिक सेक्टर एंटरप्राइज, इंफ्रास्ट्रक्चर, रियल्टी और मीडिया सेक्टर के शेयरों में हुई जोरदार खरीदारी के कारण इन सभी सेक्टर के सूचकांक दो प्रतिशत से अधिक की मजबूती के साथ बंद हुए। इनके अलावा, बैंकिंग, ऑटोमोबाइल, एफएमसीजी, हेल्थकेयर, मेटल और टेक इंडेक्स भी एक प्रतिशत से अधिक की मजबूती के साथ बंद होने में सफल रहे। ब्रॉडर मार्केट में भी आज लगातार खरीदारी होती रही, जिसके कारण निफ्टी का मिडकैप इंडेक्स 2.20 प्रतिशत की तेजी के साथ बंद हुआ। इसी तरह स्मॉलकैप इंडेक्स ने 2.35 प्रतिशत उछल कर आज के कारोबार का अंत किया।

आज शेयर बाजार में आई मजबूती के कारण स्टॉक मार्केट के निवेशकों की संपत्ति में नौ लाख करोड़ रुपये से भी अधिक की बढ़ोतरी हो गई। बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैपिटलाइजेशन आज के कारोबार के बाद बढ़ कर 458.25 लाख करोड़ रुपये (अनंतिम) हो गया। जबकि पिछले कारोबारी दिन यानी सोमवार को इनका मार्केट कैपिटलाइजेशन 449.14 लाख करोड़ रुपये था। इस तरह निवेशकों को आज के कारोबार से करीब 9.11 लाख करोड़ रुपये का मुनाफा हो गया।

आज दिनभर के कारोबार में बीएसई में 4,513 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हुई। इनमें 3,585 शेयर बढ़त के साथ बंद हुए, जबकि 802 शेयरों में गिरावट का रुख रहा, वहीं 126 शेयर बिना किसी उतार-चढ़ाव के बंद हुए। एनएसई में आज 3,007 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हुई। इनमें से 2,656 शेयर मुनाफा कमा कर हरे निशान में और 351 शेयर नुकसान उठा कर लाल निशान में बंद हुए। इसी तरह सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से 28 शेयर बढ़त के साथ और दो शेयर गिरावट के साथ बंद हुए। जबकि निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से 47 शेयर हरे निशान में और तीन शेयर लाल निशान में बंद हुए।

बीएसई का सेंसेक्स आज 1,133.53 अंक की मजबूती के साथ 77,981.10 अंक के स्तर पर खुला। कारोबार की शुरुआत होते ही यह सूचकांक 1,422.85 अंक की तेजी के साथ 78,270.42 अंक के स्तर पर आ गया। हालांकि यह तेजी अधिक देर तक टिक नहीं सकी। थोड़ी देर बाद ही मुनाफा वसूली के चक्कर में बिकवाली का दबाव बन गया, जिससे इस सूचकांक की चाल में मामूली गिरावट भी आई।

आज पूरे दिन के दौरान सेंसेक्स शुरुआती मजबूती हासिल करने के बाद सीमित दायरे में मामूली उतार-चढ़ाव के साथ कारोबार करता रहा। मुनाफा वसूली के चक्कर में यह सूचकांक फिसल कर 77,849.52 अंक के स्तर तक आया। राहत की बात यही रही कि मुनाफा वसूली के झटकों के बावजूद यह सूचकांक लगातार 1,000 अंक से अधिक की मजबूती के साथ ही कारोबार करता रहा। पूरे दिन के कारोबार के बाद सेंसेक्स 1,263.67 अंक की बढ़त के साथ 78,111.24 अंक के स्तर पर बंद हुआ।

सेंसेक्स की तरह एनएसई के निफ्टी ने आज 321.15 अंक उछल कर 24,163.80 अंक के स्तर से कारोबार की शुरुआत की। बाजार खुलते ही यह सूचकांक ओपनिंग लेवल से 117 अंक से अधिक की छलांग लगा कर 438.25 अंक की बढ़त के साथ 24,280.90 अंक के स्तर तक पहुंच गया। इसके बाद मुनाफा वसूली शुरू होने पर निफ्टी फिसल कर 24,145.80 के स्तर तक भी आया। राहत की बात यही रही कि दिन के कारोबार में कई बार मुनाफा वसूली के झटके के बावजूद यह सूचकांक लगातार 300 अंक से अधिक की तेजी के साथ ही कारोबार करता रहा। दिनभर हुई खरीद -बिक्री के बाद निफ्टी 388.65 अंक की मजबूती के साथ 24,231.30 अंक के स्तर पर बंद हुआ।

आज पूरे दिन के कारोबार के बाद स्टॉक मार्केट के दिग्गज शेयरों में से इंटरग्लोब एवियशन 4.76 प्रतिशत, एटरनल 4.42 प्रतिशत, मैक्स हेल्थ केयर 4.03 प्रतिशत, पावर ग्रिड कॉरपोरेशन 4.03 प्रतिशत और टीएमपीवी 3.59 प्रतिशत की मजबूती के साथ आज के टॉप 5 गेनर्स की सूची में शामिल हुए। दूसरी ओर, डॉ रेड्डीज लेबोरेट्रीज 1.46 प्रतिशत, भारती एयरटेल 0.81 प्रतिशत और आईसीआईसीआई बैंक 0.22 प्रतिशत की कमजोरी के साथ आज के टॉप लूजर्स की सूची में शामिल हुए।

------

हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक