home page

पश्चिम एशिया में सुलह की उम्मीद से उछला शेयर बाजार, निवेशकों ने कमाए 10.17 लाख करोड़ रुपये

 | 
पश्चिम एशिया में सुलह की उम्मीद से उछला शेयर बाजार, निवेशकों ने कमाए 10.17 लाख करोड़ रुपये


नई दिल्ली, 12 जून (हि.स.)। ईरान और अमेरिका के बीच समझौता होने की उम्मीद और होर्मुज स्ट्रेट खुलने की संभावना के कारण दुनिया के ज्यादातर शेयर बाजार की तरह ही घरेलू शेयर बाजार भी आज जोरदार मजबूती के साथ बंद होने में सफल रहा। आज के कारोबार की शुरुआत भी तेजी के साथ हुई थी। बाजार खुलने के बाद मुनाफा वसूली शुरू हो जाने के कारण दिन के पहले सत्र में सेंसेक्स और निफ्टी दोनों सूचकांकों की चाल में मामूली गिरावट भी आई। दिन के दूसरे सत्र में खरीदारों ने चौतरफा लिवाली शुरू कर दी, जिसकी वजह से दोनों सूचकांकों ने रफ्तार पकड़ ली। पूरे दिन के कारोबार के बाद सेंसेक्स 2.30 प्रतिशत और निफ्टी 1.99 प्रतिशत की मजबूती के साथ बंद हुए।

आज दिनभर के कारोबार के दौरान आईटी सेक्टर को छोड़ कर सभी सेक्टोरल इंडेक्स मजबूती के साथ हरे निशान में बंद हुए। आज दिनभर के कारोबार के दौरान बैंकिंग, रियल्टी और ऑटोमोबाइल सेक्टर के शेयरों की जमकर खरीदारी होती रही। इसी तरह कैपिटल गुड्स, कंज्यूमर ड्यूरेबल्स, एफएमसीजी, हेल्थकेयर, मेटल, ऑयल एंड गैस और पब्लिक सेक्टर एंटरप्राइज इंडेक्स भी मजबूती के साथ हरे निशान में बंद हुए। दूसरी ओर, बिकवाली के दबाव का सामना करने के कारण निफ्टी का आईटी इंडेक्स 0.09 प्रतिशत की कमजोरी के साथ बंद हुआ। ब्रॉडर मार्केट में भी आज लगातार खरीदारी होती रही, जिसके कारण निफ्टी का मिडकैप इंडेक्स 2.43 प्रतिशत की मजबूती के साथ बंद हुआ। इसी तरह स्मॉलकैप इंडेक्स ने 2.80 प्रतिशत की तेजी के साथ आज के कारोबार का अंत किया।

आज शेयर बाजार की मजबूती के कारण स्टॉक मार्केट के निवेशकों की संपत्ति में 10 लाख करोड़ रुपये से भी अधिक की बढ़ोतरी हो गई। बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैपिटलाइजेशन आज के कारोबार के बाद बढ़ कर 462 लाख करोड़ रुपये (अनंतिम) हो गया। जबकि पिछले कारोबारी दिन यानी गुरुवार को इनका मार्केट कैपिटलाइजेशन 451.83 लाख करोड़ रुपये था। इस तरह निवेशकों को आज के कारोबार से करीब 10.17 लाख करोड़ रुपये का मुनाफा हो गया।

आज दिन भर के कारोबार में बीएसई में 4,422 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हुई। इनमें 3,222 शेयर बढ़त के साथ बंद हुए, जबकि 1,046 शेयरों में गिरावट का रुख रहा, वहीं 154 शेयर बिना किसी उतार चढ़ाव के बंद हुए। एनएसई में आज 2,999 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हुई। इनमें से 2,518 शेयर मुनाफा कमा कर हरे निशान में और 481 शेयर नुकसान उठा कर लाल निशान में बंद हुए। इसी तरह सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से 28 शेयर बढ़त के साथ और सिर्फ दो शेयर गिरावट के साथ बंद हुए। जबकि निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से 38 शेयर हरे निशान में और 12 शेयर लाल निशान में बंद हुए।

बीएसई का सेंसेक्स आज 876.72 अंक की मजबूती के साथ 74,709.27 अंक के स्तर पर खुला। कारोबार की शुरुआत होने के थोड़ी देर बाद बाजार में मुनाफा वसूली शुरू हो गई, जिसकी वजह से दोपहर एक बजे तक यह सूचकांक गिर कर 74,453.39 अंक के स्तर तक आ गया। इसके बाद अमेरिका और ईरान के बीच समझौते के लिए कई मुद्दों पर सहमति बन जाने की खबर आने के बाद बाजार में उत्साह का माहौल बन गया।

इस उत्साह के कारण खरीदारों ने चौतरफा लिवाली शुरू कर दी, जिससे सेंसेक्स ने रफ्तार पकड़ ली। आज का कारोबार खत्म होने के थोड़ी देर पहले यह सूचकांक 1,775.47 अंक उछल कर 75,608.02 अंक तक पहुंच गया। पूरे दिन के कारोबार के बाद सेंसेक्स ऊपरी स्तर से लगभग 80 अंक फिसल कर 1,695.40 अंक की बढ़त के साथ 75,527.95 अंक के स्तर पर बंद हुआ।

सेंसेक्स की तरह ही एनएसई के निफ्टी ने 250.95 अंक उछल कर 23,412.55 अंक के स्तर से कारोबार की शुरुआत की। बाजार खुलने के कुछ देर बाद बिकवाली का दबाव बन जाने के कारण दिन के पहले सत्र में ही यह सूचकांक ओपनिंग लेवल से करीब 100 अंक लुढ़क कर 23,313.90 अंक के स्तर तक आ गया। इसके बाद खरीदारों ने लिवाली शुरू कर दी, जिससे निफ्टी ने रफ्तार पकड़ ली।

लगातार हो रही खरीदारी के सपोर्ट से आज का कारोबार खत्म होने का थोड़ी देर पहले यह सूचकांक 483.75 अंक की बढ़त के साथ 23,645.35 अंक तक पहुंचने में सफल रहा। अंत में इंट्रा-डे सेटलमेंट की वजह से हुई बिकवाली के कारण निफ्टी ऊपरी स्तर से करीब 22 अंक फिसल कर 461.30 अंक की मजबूती के साथ 23,622.90 अंक के स्तर पर बंद हुआ।

आज दिन पर हुई खरीद बिक्री के बाद स्टॉक मार्केट के दिग्गज शेयरों में से श्रीराम फाइनेंस 7.75 प्रतिशत, बजाज फाइनेंस 5.49 प्रतिशत, लार्सन एंड टूब्रो 4.85 प्रतिशत, इंटर ग्लोबल एवियेशन 4.60 प्रतिशत और टाइटन कंपनी 3.95 प्रतिशत की मजबूती के साथ आज के टॉप 5 गेनर्स की सूची में शामिल हुए। दूसरी ओर, नेस्ले 3.29 प्रतिशत, ओएनजीसी 2.53 प्रतिशत, टेक महिंद्रा 2.45 प्रतिशत, एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस 0.76 प्रतिशत और टाटा कंज्यूमर प्रोडक्ट्स 0.71 प्रतिशत की कमजोरी के साथ आज के टॉप 5 लूजर्स की सूची में शामिल हुए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक