home page

दो दिन की तेजी के बाद गिरावट के साथ बंद हुआ शेयर बाजार, निवेशकों को लगा 1.68 लाख करोड़ का चूना

 | 
दो दिन की तेजी के बाद गिरावट के साथ बंद हुआ शेयर बाजार, निवेशकों को लगा 1.68 लाख करोड़ का चूना


नई दिल्ली, 15 मई (हि.स.)। लगातार दो दिन तक तेजी के साथ कारोबार करने के बाद घरेलू शेयर बाजार आज गिरावट का शिकार हो गया। आज के कारोबार की शुरुआत मामूली बढ़त के साथ हुई थी। शुरुआती दो घंटे के कारोबार में बाजार में तेजी बनी रही, लेकिन इसके बाद जैसे-जैसे दिन बढ़ता गया, वैसे-वैसे बिकवाली का दबाव भी बढ़ता गया। पहले दो घंटे के कारोबार के बाद दोपहर 11 बजे से सेंसेक्स और निफ्टी दोनों सूचकांकों की चाल में उतार-चढ़ाव होने लगा। विशेष रूप से दोपहर एक बजे के बाद बाजार पर पूरी तरह से बिकवालों का कब्जा हो गया। बिकवाली के दबाव में सेंसेक्स दिन के ऊपरी स्तर से 730 अंक से अधिक टूट गया। इसी तरह निफ्टी दिन के ऊपर स्तर से लगभग 230 अंक तक लुढ़क गया। पूरे दिन के कारोबार के बाद सेंसेक्स 0.21 प्रतिशत और निफ्टी 0.19 प्रतिशत की कमजोरी के साथ बंद हुए।

आज दिनभर के कारोबार के दौरान आईटी, फार्मास्यूटिकल और एफएमसीजी सेक्टर के शेयरों में खरीदारी होती रही। इसी तरह ऑटोमोबाइल और टेक इंडेक्स भी मजबूती के साथ हरे निशान में बंद हुए। दूसरी ओर, पब्लिक सेक्टर एंटरप्राइज, एनर्जी और बैंकिंग सेक्टर के शेयरों में बिकवाली का दबाव बना रहा। इसी तरह ऑयल एंड गैस, कंज्यूमर ड्यूरेबल्स और कैपिटल गुड्स इंडेक्स भी कमजोरी के साथ लाल निशान में बंद हुए। ब्रॉडर मार्केट में भी आज आमतौर पर बिकवाली का दबाव बना रहा, जिसके कारण निफ्टी का मिडकैप इंडेक्स 0.45 प्रतिशत की कमजोरी के साथ बंद हुआ। इसी तरह स्मॉलकैप इंडेक्स ने 0.61 प्रतिशत की गिरावट के साथ आज के कारोबार का अंत किया।

आज शेयर बाजार में आई कमजोरी के कारण स्टॉक मार्केट के निवेशकों की संपत्ति में डेढ़ लाख करोड़ रुपये से भी अधिक की कमी हो गई। बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैपिटलाइजेशन आज के कारोबार के बाद घट कर 460.55 लाख करोड़ रुपये (अनंतिम) हो गया। जबकि पिछले कारोबारी दिन यानी गुरुवार को इनका मार्केट कैपिटलाइजेशन 462.23 लाख करोड़ रुपये था। इस तरह निवेशकों को आज के कारोबार से करीब 1.68 लाख करोड़ रुपये का नुकसान हो गया।

आज दिन भर के कारोबार में एनएसई में 2,930 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हुई। इनमें से 1,016 शेयर मुनाफा कमा कर हरे निशान में और 1,914 शेयर नुकसान उठा कर लाल निशान में बंद हुए। इसी तरह सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से 14 शेयर बढ़त के साथ और 16 शेयर गिरावट के साथ बंद हुए। जबकि निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से 22 शेयर हरे निशान में और 28 शेयर लाल निशान में बंद हुए।

बीएसई का सेंसेक्स आज 98.38 अंक की मामूली मजबूती के साथ 75,497.10 अंक के स्तर पर खुला। कारोबार की शुरुआत होते ही बिकवाली का दबाव बन जाने के कारण यह सूचकांक गिर कर लाल निशान में 75,251.15 अंक के स्तर तक आ गया। इसके तुरंत बाद खरीदारों ने लिवाली शुरू कर दी, जिससे सेंसेक्स की चाल में तेजी आ गई। खरीदारी के सपोर्ट से सेंसेक्स 471.64 अंक उछल कर 75,870.36 अंक के स्तर तक पहुंच गया। इसके बाद बाजार में बिकवाली का दबाव बन गया, जिससे इस सूचकांक की चाल में गिरावट आने लगी।

दिन के दूसरे चरण में हुई जोरदार बिकवाली के कारण यह सूचकांक दिन के ऊपरी स्तर से 730.95 अंक टूट कर 259.31 अंक की कमजोरी के साथ 75,139.41 अंक के स्तर तक गिर गया। अंत में इंट्रा-डे सेटलमेंट की वजह से हुई खरीदारी के सपोर्ट से सेंसेक्स दिन के निचले स्तर से करीब 100 अंक की रिकवरी कर 160.73 अंक की गिरावट के साथ 75,237.99 अंक के स्तर पर बंद हुआ।

सेंसेक्स की तरह ही एनएसई के निफ्टी ने आज 41.80 अंक की छलांग लगा कर 23,731.40 अंक के स्तर से कारोबार की शुरुआत की। बाजार खुलते ही बिकवाली का दबाव बन जाने के कारण यह सूचकांक फिसल कर लाल निशान में 23,663.35 अंक के स्तर तक गिर गया। इसके तुरंत बाद खरीदारों ने मोर्चा संभाल लिया और लिवाली शुरू कर दी। लगातार हो रही खरीदारी के सपोर्ट से निफ्टी 149.70 अंक की तेजी के साथ 23,839.30 अंक के स्तर तक पहुंचने में सफल रहा। इसके बाद बाजार में मुनाफा वसूली शुरू हो गई, जिसकी वजह से इस सूचकांक की चाल में भी कमजोरी आ गई।

जैसे-जैसे क्लोजिंग का समय पास आता गया, वैसे-वैसे इस सूचकांक की गिरावट भी बढ़ती गई। लगातार हो रही बिकवाली के कारण आज का कारोबार खत्म होने के थोड़ी देर पहले यह सूचकांक दिन के ऊपरी स्तर से 229 अंक फिसल कर 79.30 अंक की कमजोरी के साथ 23,610.30 अंक के स्तर पर पहुंच गया। अंत में दिन के सौदों के निपटारे के कारण हुई खरीदारी के सपोर्ट से निफ्टी दिन के निचले स्तर से 30 अंक से अधिक की रिकवरी कर 46.10 अंक की कमजोरी के साथ 23,643.50 अंक के स्तर पर बंद हुआ।

आज दिन भर के कारोबार के बाद स्टॉक मार्केट के दिग्गज शेयरों में से टीएमपीवी 5.25 प्रतिशत, डॉ रेड्डीज लेबोरेट्रीज 2.54 प्रतिशत, इंफोसिस 2.19 प्रतिशत, टेक महिंद्रा 2.02 प्रतिशत और कोल इंडिया 1.79 प्रतिशत की मजबूती के साथ आज के टॉप 5 गेनर्स की सूची में शामिल हुए। दूसरी ओर, हिंडाल्को इंडस्ट्रीज 3.24 प्रतिशत, नेस्ले 1.99 प्रतिशत, टाटा स्टील 1.94 प्रतिशत, एटरनल 1.89 प्रतिशत और रिलायंस इंडस्ट्रीज 1.87 प्रतिशत की कमजोरी के साथ आज के टॉप 5 लूजर्स की सूची में शामिल हुए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक