देश का विदेशी मुद्रा भंडार 7.26 अरब डॉलर बढ़कर 674.19 अरब डॉलर पर पहुंचा
मुंबई, 10 जुलाई (हि.स)। देश का विदेशी मुद्रा भंडार तीन जुलाई को समाप्त हफ्ते में 7.26 अरब डॉलर बढ़कर 674.19 अरब डॉलर पर पहुंच गया है। पिछले हफ्ते में देश का विदेशी मुद्रा भंडार 5.65 अरब डॉलर घटकर 666.93 अरब डॉलर रह गया था।
रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (आरबीआई) ने शुक्रवार को आंकड़ों के जरिये बताया कि तीन जुलाई को समाप्त हफ्ते में विदेशी मुद्रा भंडार के प्रमुख घटक विदेशी मुद्रा परिसंपत्तियां 4.51 अरब डॉलर बढ़कर 545.578 अरब डॉलर हो गई। आरबीआई ने कहा कि इस दौरान देश के स्वर्ण भंडार का मूल्य 2.67 अरब डॉलर बढ़कर 105.20 अरब डॉलर हो गया।
आरबीआई के मुताबिक इस अवधि में विशेष आहरण अधिकार (एसडीआर) 6.5 करोड़ डॉलर बढ़कर 18.62 अरब डॉलर हो गया। आंकड़ों के अनुसार तीन जुलाई को समाप्त हफ्ते में अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) के पास भारत की आरक्षित कोष भी 1.5 करोड़ डॉलर बढ़कर 4.79 अरब डॉलर हो गया।
इस साल 27 फरवरी को समाप्त हफ्ते में पश्चिम एशिया संकट शुरू होने से पहले देश का विदेशी मुद्रा भंडार बढ़कर 728.49 अरब डॉलर के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया था।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर

