home page

दिन भर उतार-चढ़ाव के बाद मिले-जुले परिणाम के साथ बंद हुआ शेयर बाजार, निवेशकों ने की 1.96 लाख करोड़ की कमाई

 | 
दिन भर उतार-चढ़ाव के बाद मिले-जुले परिणाम के साथ बंद हुआ शेयर बाजार, निवेशकों ने की 1.96 लाख करोड़ की कमाई


नई दिल्ली, 18 सितंबर (हि.स.)। घरेलू शेयर बाजार आज दिन भर उतार-चढ़ाव का सामना करने के बाद मिले-जुले परिणाम के साथ बंद हुआ। आज के कारोबार की शुरुआत मजबूती के साथ हुई थी। बाजार खुलने के थोड़ी देर बाद लिवालों और बिकवालों के बीच खींचतान शुरू हो गई, जिसकी वजह से दोपहर दो बजे तक सेंसेक्स और निफ्टी दोनों सूचकांक सीमित दायरे में कारोबार करते रहे।

इसके बाद खरीदारों ने लिवाली का जोर बना दिया, जिसकी वजह से इन दोनों सूचकांकों ने रफ्तार पकड़ ली। हालांकि, आखिरी आधे घंटे के कारोबार में बाजार में बिकवाली का दबाव बन गया, जिसकी वजह से इन दोनों सूचकांकों की चाल में ऊपरी स्तर से गिरावट आ गई। पूरे दिन के कारोबार के बाद सेंसेक्स 0.03 प्रतिशत की कमजोरी के साथ बंद हुआ। दूसरी ओर, निफ्टी ने 0.33 प्रतिशत की मजबूती के साथ आज के कारोबार का अंत किया।

बीएसई का सेंसेक्स आज 260.65 अंक यानी 0.35 प्रतिशत की तेजी के साथ 74,575.24 अंक के स्तर पर खुला। कारोबार की शुरुआत होते ही बिकवाली का दबाव बन जाने के कारण यह सूचकांक फिसल कर 74,375.07 अंक के स्तर तक आ गया। इस स्तर पर खरीदारी शुरू हो जाने के कारण इस सूचकांक की चाल में कुछ सुधार हो गया। दोपहर दो बजे तक सेंसेक्स मामूली उतार-चढ़ाव के साथ सीमित दायरे में कारोबार करता रहा।

इसके बाद खरीदारों ने लिवाली का जोर बना दिया, जिसकी वजह से अगले एक घंटे में ही यह सूचकांक 413.85 अंक यानी 0.56 प्रतिशत उछल कर 74,728.44 अंक के स्तर तक आ गया। हालांकि, आखिरी आधे घंटे के कारोबार में मुनाफा वसूली शुरू हो जाने के कारण सेंसेक्स ऊपरी स्तर से 433.48 अंक लुढ़क कर 19.63 अंक यानी 0.03 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 74,294.96 अंक के स्तर पर बंद हुआ।

सेंसेक्स की तरह ही एनएसई के निफ्टी ने आज 64.10 अंक यानी 0.28 प्रतिशत की छलांग लगा कर 23,334.70 अंक के स्तर से कारोबार की शुरुआत की। बाजार खुलते ही बिकवाली शुरू हो जाने के कारण यह सूचकांक कुछ देर में ही लुढ़क कर 23,286.60 अंक के स्तर तक आ गया। इसके बाद खरीदारों ने लिवाली का जोर बना दिया, जिससे निफ्टी की गिरावट थम गई।

दोपहर दो बजे के करीब खरीदारों ने बाजार में चौतरफा लिवाली शुरू कर दी। लिवाली के सपोर्ट से यह सूचकांक शाम तीन बजे के थोड़ी देर पहले 118.55 अंक यानी 0.51 प्रतिशत की बढ़त के साथ 23,389.15 अंक के स्तर तक पहुंच गया। इसके बाद मुनाफा वसूली शुरू हो जाने की वजह से निफ्टी दिन के ऊपरी स्तर से 40 अंक से अधिक फिसल कर 75.80 अंक यानी 0.33 प्रतिशत की मजबूती के साथ 23,346.40 अंक के स्तर पर बंद हुआ।

आज दिन भर के कारोबार के दौरान कंज्यूमर ड्यूरेबल्स और आईटी सेक्टर के शेयरों की लगातार बिकवाली होती रही। इस बिकवाली की वजह से बीएसई का कंज्यूमर ड्यूरेबल्स इंडेक्स 1.27 प्रतिशत टूट गया। इसी तरह निफ्टी के आईटी इंडेक्स ने 1.03 प्रतिशत की कमजोरी के साथ आज के कारोबार का अंत किया। इसके अलावा ऑटोमोबाइल और एफएमसीजी इंडेक्स भी गिरावट के साथ लाल निशान में बंद हुए।

दूसरी ओर, कैपिटल गुड्स सेक्टर के शेयरों की आज जम कर खरीदारी होती रही। खरीदारी के सपोर्ट से बीएसई का कैपिटल गुड्स इंडेक्स 1.56 प्रतिशत की मजबूती के साथ बंद हुआ। इसी तरह बैंकिंग, हेल्थकेयर, मेटल, पब्लिक सेक्टर एंटरप्राइज और ऑयल एंड गैस इंडेक्स भी बढ़त के साथ हरे निशान में बंद हुए। ब्रॉडर मार्केट में भी आज लगातार खरीदारी होती रही, जिसके कारण निफ्टी का मिडकैप इंडेक्स 1.24 प्रतिशत की तेजी के साथ बंद हुआ। इसी तरह स्मॉलकैप इंडेक्स ने 1.74 प्रतिशत उछल कर आज के कारोबार का अंत किया।

आज मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में आई मजबूती के कारण स्टॉक मार्केट के निवेशकों की संपत्ति में लगभग दो लाख करोड़ रुपये की बढ़ोतरी हो गई। बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैपिटलाइजेशन आज के कारोबार के बाद बढ़ कर 479.79 लाख करोड़ रुपये (अनंतिम) हो गया। पिछले कारोबारी दिन यानी गुरुवार को इनका मार्केट कैपिटलाइजेशन 477.83 लाख करोड़ रुपये था। इस तरह निवेशकों को आज के कारोबार से करीब 1.96 लाख करोड़ रुपये का मुनाफा हो गया।

आज दिन भर के कारोबार के दौरान एनएसई में 3,245 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हुई। इनमें से 2,151 शेयर मुनाफा कमा कर हरे निशान में और 1,094 शेयर नुकसान उठा कर लाल निशान में बंद हुए। इसी तरह सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से 10 शेयर बढ़त के साथ और 20 शेयर गिरावट के साथ बंद हुए। निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से 26 शेयर हरे निशान में और 24 शेयर लाल निशान में बंद हुए।

आज दिन भर हुई खरीद बिक्री के बाद स्टॉक मार्केट के दिग्गज शेयरों में से अदानी पोर्ट्स 4.93 प्रतिशत, अदानी एंटरप्राइजेज 3.31 प्रतिशत, भारती एयरटेल 3.12 प्रतिशत, एचडीएफसी बैंक 2.52 प्रतिशत और बजाज फाइनेंस 2.49 प्रतिशत की मजबूती के साथ आज के टॉप 5 गेनर्स की सूची में शामिल हुए। दूसरी ओर, टीसीएस 3.88 प्रतिशत, टीएमपीवी 3.40 प्रतिशत, एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस 2.03 प्रतिशत, कोल इंडिया 1.94 प्रतिशत और मारुति सुजुकी 1.90 प्रतिशत की गिरावट के साथ आज के टॉप 5 लूजर्स की सूची में शामिल हुए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक