ग्लोबल मार्केट से कमजोरी के संकेत, एशिया में भी बिकवाली का दबाव
नई दिल्ली, 30 मार्च (हि.स.)। पश्चिम एशिया में जारी जंग के और तेज होने की आशंका और हूती विद्रोहियों के भी इस जंग में शामिल हो जाने के कारण आज ग्लोबल मार्केट पर दबाव बना हुआ नजर आ रहा है। दुनिया के ज्यादातर शेयर बाजार बड़ी गिरावट का संकेत दे रहे हैं। अमेरिकी बाजार पिछले सत्र के दौरान गिरावट का शिकार होकर बंद हुए। डाउ जॉन्स फ्यूचर्स भी आज मामूली कमजोरी के साथ कारोबार करता हुआ नजर आ रहा है। यूरोपीय बाजार में भी पिछले सत्र के दौरान लगातार बिकवाली होती रही। इसी तरह एशियाई बाजार में भी आज आमतौर पर कमजोरी का रुख बना हुआ है।
अमेरिकी बाजार में पिछले सत्र के दौरान लगातार बिकवाली का दबाव बना रहा, जिसकी वजह से वॉल स्ट्रीट के सूचकांक कमजोरी के साथ बंद हुए। एस एंड पी 500 इंडेक्स 108.31 अंक यानी 1.67 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 6,368.85 अंक के स्तर पर बंद हुआ। इसी तरह नैस्डेक ने 459.72 अंक यानी 2.15 प्रतिशत फिसल कर 20,948.36 अंक के स्तर पर पिछले सत्र के कारोबार का अंत किया। वहीं डाउ जॉन्स फ्यूचर्स आज फिलहाल 0.03 प्रतिशत की मामूली कमजोरी के साथ 45,154.57 अंक के स्तर पर कारोबार करता हुआ नजर आ रहा है।
यूरोपीय बाजार में भी पिछले सत्र के दौरान कमजोरी बनी रही। एफटीएसई इंडेक्स 0.05 प्रतिशत की गिरावट के साथ 9,967.35 अंक के स्तर पर बंद हुआ। इसी तरह सीएसी इंडेक्स ने 0.87 प्रतिशत लुढ़क कर 7,701.95 अंक के स्तर पर पिछले सत्र के कारोबार का अंत किया। इसके अलावा डीएएक्स इंडेक्स 312.22 अंक यानी 1.40 प्रतिशत टूट कर 22,300.75 अंक के स्तर पर बंद हुआ।
एशियाई बाजार में भी आज आम तौर पर कमजोरी का रुख बना हुआ है। एशिया के नौ बाजार में से आठ के सूचकांक गिरावट के साथ लाल निशान में कारोबार कर रहे हैं, जबकि एक सूचकांक मजबूती के साथ हरे निशान में बना हुआ है। एशियाई बाजार में इकलौता शंघाई कंपोजिट इंडेक्स 0.23 प्रतिशत की तेजी के साथ 3,922.72 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा है।
दूसरी ओर, गिफ्ट निफ्टी 285.50 अंक यानी 1.25 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 22,541.50 के स्तर पर कारोबार कर रहा है। इसी तरह हैंग सेंग इंडेक्स 228.88 अंक यानी 0.92 प्रतिशत फिसल कर 24,723 अंक के स्तर पर आ गया है। निक्केई इंडेक्स में आज बड़ी गिरावट दर्ज की गई है। फिलहाल यह सूचकांक 1,791.07 अंक यानी 3.36 प्रतिशत फिसल कर 51,582 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा है।
इसी तरह कोस्पी इंडेक्स 148.50 अंक यानी 2.73 प्रतिशत टूट कर 5,290.37 अंक के स्तर तक गिर गया है। इसके अलावा ताइवान वेटेड इंडेक्स 502.36 अंक यानी 1.52 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 32,610.23 अंक के स्तर पर, जकार्ता कंपोजिट इंडेक्स 0.59 प्रतिशत टूट कर 7,055.45 अंक के स्तर पर, सेट कंपोजिट इंडेक्स 0.15 प्रतिशत लुढ़क कर 1,444.84 अंक के स्तर पर और स्ट्रेट्स टाइम्स इंडेक्स 0.11 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 4,892.77 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहे हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक

