मटियारी वार्ड 11 में भीषण अगलगी, तीन परिवारों के घर जलकर राख
सुपौल, 28 मार्च (हि.स.)। जिले के छातापुर प्रखंड क्षेत्र के बलुआ पंचायत अंतर्गत मटियारी वार्ड संख्या 11 में शुक्रवार की शाम भीषण अगलगी की घटना में तीन परिवारों के घर जलकर पूरी तरह राख हो गए। आग की इस घटना में घरों में रखा अनाज, कपड़ा, बर्तन, जेवरात और नगद समेत लगभग तीन लाख रुपये से अधिक की संपत्ति का नुकसान होने का अनुमान है।
जानकारी के अनुसार शाम के समय अचानक एक घर से आग की लपटें उठने लगीं। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर आसपास के दो अन्य घरों को भी अपनी चपेट में ले लिया। आग की तेज लपटों से इलाके में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
अगलगी में रूबी देवी (पति विनय कुमार राय), देवंती देवी (पति अजय कुमार राय) एवं मसोमात सोनिया देवी (पति स्व. राजेन्द्र राय) के घर पूरी तरह जलकर राख हो गए। पीड़ितों के अनुसार घर में रखा करीब 50 किलो चावल, 150 किलो गेहूं, एक चौकी, कपड़े, बर्तन, जेवरात तथा लगभग 18 हजार रुपये नगद भी आग की भेंट चढ़ गए।
घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और अपने स्तर से आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। बाद में ग्रामीणों द्वारा अग्निशमन विभाग को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही बलुआ, बीरपुर एवं प्रतापगंज से दमकल की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों और ग्रामीणों के संयुक्त प्रयास से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। हालांकि तब तक तीनों परिवारों के घर और अधिकांश सामान जलकर नष्ट हो चुके थे।
घटना के बाद पीड़ित परिवारों ने प्रशासन से सहायता की मांग की है। स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने भी मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और पीड़ितों को हरसंभव मदद दिलाने का आश्वासन दिया।
इस संबंध में छातापुर बीडीओ सह प्रभारी सीओ डॉ. राकेश कुमार गुप्ता ने बताया कि अगलगी की सूचना मिली है। स्थल जांच के लिए लक्ष्मीनियाँ पंचायत के राजस्व कर्मचारी अरुण कुमार को भेजा गया है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद सरकारी प्रावधान के तहत पीड़ित परिवारों को सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
मौके पर सरपंच रामदास राय, वार्ड सदस्य रमेश राय, रंजीत मिश्र, रामफल राय, राजकुमार राय, पवन राय, हरिओम राय, ललित मंडल, अर्जुन मंडल, रामाधीन मंडल सहित अन्य ग्रामीण मौजूद थे।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

