कोकराझाड़ के सेरफांगुड़ी में केमिकल से लदा ट्रक धू-धू कर जला, चालक सुरक्षित
कोकराझाड़ (असम), 18 नवम्बर (हि.स.)। कोकराझाड़ जिले के सेरफांगुड़ी स्थित कलबाड़ी में राष्ट्रीय राजमार्ग-27 पर बुधवार सुबह एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। गुवाहाटी की ओर जा रहा केमिकल से लदा एक मालवाहक ट्रक अचानक आग की चपेट में आ गया। देखते ही देखते ट्रक धू-धू कर जलने लगा और घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ट्रक संख्या एमएच48 बीक्यू 8307 बुधवार सुबह करीब 6 बजे सेरफांगुड़ी के कलबाड़ी इलाके में राष्ट्रीय राजमार्ग-27 से गुजर रहा था। इसी दौरान ट्रक में अचानक आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि ट्रक में लदा केमिकल जलकर पूरी तरह राख हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। राहत की बात यह रही कि ट्रक चालक समय रहते सुरक्षित बाहर निकलने में सफल रहा। इस घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।
प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि होना अभी बाकी है।
इधर, स्थानीय लोगों ने सेरफांगुड़ी के राष्ट्रीय राजमार्ग-27 पर लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं और वाहनों में आग लगने की घटनाओं पर चिंता व्यक्त की है। उन्होंने क्षेत्र में आपातकालीन परिस्थितियों से तत्काल निपटने के लिए सेरफांगुड़ी में अग्निशमन केंद्र स्थापित करने की मांग की है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यहां अग्निशमन केंद्र की स्थापना होने से दुर्घटना एवं आगजनी की घटनाओं के दौरान समय रहते राहत और बचाव कार्य किया जा सकेगा।
हिन्दुस्थान समाचार / किशोर मिश्रा

