home page

नवादा के गरही डैम में डूबने से दो युवकों की

 | 

नवादा, 25 अप्रैल (हि.स.)। नवादा जिले के कौआकोल थाना के सीमावर्ती गरही थाना क्षेत्र स्थित गरही डैम में शनिवार की शाम डूबने से दो युवकों की मौत हो गई। घटना उस समय हुई,जब नहाने के दौरान पहले एक युवक गहरे पानी में डूबने लगा और उसे बचाने गया दूसरा युवक भी डैम के गहरे पानी में समा गया।

मृतकों में कौआकोल थाना क्षेत्र के देवनगढ़ पंचायत अंतर्गत ईटपकवा गांव निवासी 18 वर्षीय मो. अफजल अंसारी (पिता–मुन्नीवर अंसारी) तथा 21 वर्षीय मो. समीर अंसारी (पिता– सरफराज अंसारी) है।

बताया जाता है कि दोनों युवक अपने पांच दोस्तों के साथ गरही डैम घूमने आए थे। घूमने के दौरान सभी युवक डैम में नहाने लगे। इसी बीच अफजल गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। अपने दोस्त को डूबता देख समीर उसे बचाने के लिए पानी में कूद पड़ा,लेकिन वह भी गहराई का अंदाजा नहीं लगा सका और दोनों डूब गए।

मृतकों के साथ रहे मौजूद दोस्तों मो. शाहबाज, मो. आदिल और मो. अयान ने बताया कि घटना के बाद वे लोग पानी से बाहर निकलकर शोर मचाने लगे। शोर सुनकर वहां मौजूद नाविक एवं स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और खोजबीन शुरू की गई। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद नाविकों ने दोनों युवकों को पानी से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को अंत्य परीक्षण के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस द्वारा मृतकों के परिजनों को भी घटना की सूचना दे दी गई है। घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल व्याप्त है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजय कुमार सुमन