home page

ट्रैक्टर से गिरकर 10 वर्षीय बच्ची की मौत, गांव में पसरा मातम

 | 
ट्रैक्टर से गिरकर 10 वर्षीय बच्ची की मौत, गांव में पसरा मातम


ट्रैक्टर से गिरकर 10 वर्षीय बच्ची की मौत, गांव में पसरा मातम


सुपौल, 01 अप्रैल (हि.स.)। जिले के छातापुर थाना क्षेत्र के लालगंज पंचायत के वार्ड संख्या दो में बुधवार को एक दर्दनाक हादसे में 10 वर्षीय बच्ची की मौत हो गई। मृतका की पहचान वार्ड संख्या दो निवासी धीरेंद्र मंडल की 10 वर्षीय पुत्री अनुराधा कुमारी के रूप में की गई है। जानकारी के अनुसार अनुराधा अपने चचेरे चाचा के साथ ट्रैक्टर पर बैठी हुई थी। बताया जा रहा है कि उसका चचेरा चाचा घर के पास से मिट्टी काटकर ट्रैक्टर से भराई का काम कर रहा था। इसी दौरान बच्ची को भी ट्रैक्टर पर बैठा लिया गया।

बताया जाता है कि रास्ते में अचानक संतुलन बिगड़ने से अनुराधा ट्रैक्टर से नीचे गिर गई और ट्रैक्टर के चक्के की चपेट में आ गई। हादसा इतना भयावह था कि उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना के बाद परिजन और स्थानीय लोग आनन-फानन में बच्ची को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र छातापुर लेकर पहुंचे, जहां मौजूद चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस सीएचसी पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। इस संबंध में थानाध्यक्ष प्रमोद झा ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। आवेदन मिलने के बाद आगे की आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र