सुपौल में सनसनीखेज हत्या कांड का खुलासा, आरोपित गिरफ्तार
सुपौल, 07 अप्रैल (हि.स.)। जिले में एक सनसनीखेज हत्या कांड का पुलिस ने पर्दाफाश करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। सुपौल थाना में दर्ज मामले में पुलिस ने विशेष अनुसंधान टीम (एसआईटी) सहयोग से मुख्य आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के पास से हत्या में प्रयुक्त देसी कट्टा और खून से सना दविया बरामद किया गया है।
मामले की शुरुआत 02 अप्रैल 2026 को हुई, जब चडूमरिया वार्ड नंबर-10 निवासी 25 वर्षीय वाजिद अली के अचानक लापता होने की सूचना उसके परिजनों ने सुपौल थाना को दी। सूचना मिलते ही थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की और इसकी जानकारी वरीय अधिकारियों को दी गई।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक शरथ आरएस ने बताया कि अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी शिवेन्द्र अनुभवी के नेतृत्व में एक विशेष (एसआईटी) टीम का गठन किया गया। टीम ने तकनीकी साक्ष्य, मानव आसूचना (इंटेलिजेंस) और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया।
जांच के क्रम में पुलिस ने चंदन कुमार को हिरासत में लेकर गहन पूछताछ की। पूछताछ में चंदन कुमार ने पूरे मामले का खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी ओम प्रकाश कामत का नाम सामने रखा। इसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 07 अप्रैल 2026 को जोगबनी बाजार से ओम प्रकाश कामत को गिरफ्तार कर लिया और उसे सुपौल लाया गया।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ओम प्रकाश कामत ने हत्या की बात स्वीकार करते हुए बताया कि उसने वाजिद अली को गोली मारकर हत्या कर दी। हत्या के बाद शव को बोरे और प्लास्टिक में लपेटकर अपने सिटी रिक्शा से खरसावनी पुल के पास ले जाकर फेंक दिया। घटना को अंजाम देने के बाद वह पुलिस के डर से अपना घर छोड़कर फरार हो गया था। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने खरसावनी पुल के समीप से शव बरामद किया। साथ ही हत्या में प्रयुक्त देसी कट्टा और खून से सना दविया भी बरामद किया गया। बरामद सभी साक्ष्यों को एफएसएल टीम द्वारा सुरक्षित रखा गया है और आगे की जांच जारी है।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। वहीं इस कांड में शामिल अन्य संभावित आरोपियों की पहचान की जा रही है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
इस सफल उद्भेदन को लेकर पुलिस प्रशासन ने दावा किया है कि जिले में अपराध और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

