मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का बड़ा ऐलान : भदोही जिला अब संत रविदास नगर के नाम से जाना जाएगा
लखनऊ , 04 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रविवार को भदोही में आयाेजित चार दिवसीय 50वें इंटरनेशनल कारपेट एक्सपो का उद्घाटन करने पहुंचे। इस अवसर पर उन्होंने 1340 करोड़ रुपये की 112 विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया। इनमें 440.84 करोड़ रुपये की 65 परियोजनाओं का लोकार्पण और 899.27 करोड़ रुपये की 47 परियोजनाओं का शिलान्यास शामिल है। इसके साथ ही मुख्यमंत्री याेगी ने भदोही जिले का नाम संत रविदास नगर करने की घोषणा की। उन्होंने संत रविदास जी महाराज के प्रति सम्मान प्रकट करते हुए यह घोषणा की।इस जिले का नाम पहले भी बहुजन समाज पार्टी (बसपा) सरकार के दौरान संत रविदास नगर रखा गया था, जिसे बाद में समाजवादी पार्टी (सपा) सरकार ने बदलकर वापस भदोही कर दिया था।
हिन्दुस्थान समाचार / शिव सिंह

