home page

फकीराग्राम में वंदे भारत स्लीपर ट्रेन की चपेट में आए 73 वर्षीय पुजारी गंभीर रूप से घायल

 | 
फकीराग्राम में वंदे भारत स्लीपर ट्रेन की चपेट में आए 73 वर्षीय पुजारी गंभीर रूप से घायल


कोकराझाड़ (असम), 31 अगस्त (हि.स.)। कोकराझाड़ जिले के फकीराग्राम रेलवे स्टेशन के निकटवर्ती हेल नदी के समीप सोमवार तड़के एक दर्दनाक रेल हादसे में 73 वर्षीय वृद्ध पुजारी गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल की पहचान धुबड़ी जिले के सापटग्राम बाजार निवासी बुलु चौधरी (73) के रूप में हुई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बुलु चौधरी फकीराग्राम के हेल नदी के किनारे स्थित एक मंदिर में रहकर नियमित रूप से पूजा-अर्चना करते थे। सोमवार सुबह मंदिर जाते समय फकीराग्राम रेलवे गेट के हेल नदी के समीप वे 27575 नंबर की वंदे भारत स्लीपर ट्रेन की चपेट में आ गए। हादसे में उन्हें गंभीर चोटें आईं।

घटना की सूचना मिलते ही आरपीएफ और जीआरपी की टीम मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल वृद्ध को तत्काल घटनास्थल से निकालकर बेहतर उपचार के लिए कोकराझाड़ मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल भेजा। फिलहाल बुलु चौधरी का अस्पताल में इलाज चल रहा है।

घटना के बाद इलाके में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। पुलिस एवं रेलवे अधिकारियों ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

हिन्दुस्थान समाचार / किशोर मिश्रा