कोरबा : कोरबा : दिनदहाड़े 5 लाख की उठाईगिरी से शहर में हड़कंप, नाकाबंदी कर पुलिस ने शुरू की सघन जांच
कोरबा, 03 अप्रैल (हि. स.)। शहर में आज शुक्रवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब कोतवाली थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े 5 लाख रुपये की उठाईगिरी की घटना सामने आई। वारदात के बाद पुलिस महकमा तुरंत अलर्ट मोड पर आ गया और पूरे शहर में नाकाबंदी कर दी गई।
मिली जानकारी के अनुसार अज्ञात बदमाश बड़ी ही चालाकी से रकम पार कर मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने शहर के प्रमुख चौराहों, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और आउटर इलाकों में सघन चेकिंग अभियान शुरू कर दिया। हर आने-जाने वाले वाहनों की बारीकी से तलाशी ली जा रही है।
जगह-जगह बैरिकेड्स लगाए गए हैं। पुलिस की अलग-अलग टीमें संदिग्धों की तलाश में जुटी हुई हैं और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
इस मामले में कोतवाली थाना प्रभारी मोती पटेल ने बताया कि सूचना मिलते ही तत्काल नाकाबंदी कर जांच शुरू कर दी गई है। संदिग्धों की पहचान के लिए पूछताछ जारी है और जल्द ही आरोपिताें को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
घटना के बाद शहर में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है। हालांकि इस वारदात ने एक बार फिर शहर की सुरक्षा व्यवस्था और पुलिसिंग पर सवाल खड़े कर दिए हैं। आम लोगों में भी इस घटना को लेकर दहशत का माहौल बना हुआ है।
हिन्दुस्थान समाचार/ हरीश तिवारी
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी

