home page

“सीमावर्ती गांवों के समग्र विकास को गति देगा वाइब्रेंट विलेज प्रोग्राम–II : डॉ. एन. विजयलक्ष्मी

 | 

पटना, 16 अप्रैल (हि.स.)। योजना एवं विकास विभाग के अपर मुख्य सचिव डॉ. एन. विजयलक्ष्मी नेकहा कि वाइब्रेंट विलेज प्रोग्राम–II सीमावर्ती क्षेत्रों के समग्र एवं सतत विकास के लिए एक महत्वपूर्ण पहल है। वे गुरुवार काे विभाग के तत्वावधान मे अर्थ एवं सांख्यिकी निदेशालय के सम्मेलन कक्ष में आयाेजित कार्यशाल काे संबाेधित कर रहे थे।

कार्यशाला के दाैरान माैके पर माैजूद अधिकारियों को उन्हाेंने निर्देशित किया कि योजना के क्रियान्वयन में समन्वित प्रयास, डेटा-आधारित मॉनिटरिंग तथा फील्ड स्तर पर प्रभावी निगरानी की जाए, ताकि निर्धारित लक्ष्यों की समयबद्ध प्राप्ति हो सके। उन्हाेंने बताया कि कार्यशाला का उद्देश्य कार्यक्रम के प्रभावी क्रियान्वयन, विभागीय समन्वय तथा मॉनिटरिंग तंत्र को सुदृढ़ बनाना है।

कार्यशाला में गृह विभाग के विशेष सचिव के. एस. अनुपम ने कहा कि सीमावर्ती क्षेत्रों के विकास के लिए विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने सुरक्षा एवं विकास के बीच संतुलन स्थापित करने पर बल दिया।

सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) के डीआईजी मुकेश कुमार ने कहा कि सीमावर्ती क्षेत्रों में विकासात्मक गतिविधियां स्थानीय समुदाय के विश्वास एवं सहभागिता को सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।

गृह मंत्रालय के निदेशक (वीवीपी) मनीष श्रीवास्तव ने कार्यक्रम के राष्ट्रीय परिप्रेक्ष्य पर प्रकाश डालते हुए कहा कि वाइब्रेंट विलेज प्रोग्राम–II के माध्यम से सीमावर्ती गांवों को बुनियादी सुविधाओं, आजीविका एवं कनेक्टिविटी के क्षेत्र में सशक्त बनाया जा रहा है, जिसमें राज्यों की सक्रिय भागीदारी अत्यंत महत्वपूर्ण है।

राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र (एनआइसी) के वरिष्ठ तकनीकी निदेशक दीपक कुमार ने कार्यक्रम के तकनीकी पहलुओं पर प्रकाश डालते हुए डेटा प्रबंधन, डिजिटल मॉनिटरिंग एवं आईटी आधारित समाधानों की भूमिका को रेखांकित किया।

कार्यशाला में सीमावर्ती जिलों—पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, सीतामढ़ी, मधुबनी, सुपौल, अररिया, किशनगंज, कटिहार, पूर्णिया, सहरसा आदि के जिला पदाधिकारी एवं संबंधित विभागों के अन्य अधिकारियों ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से भाग लिया तथा इन सीमावर्ती जिलों के जिला योजना पदाधिकारी एवं प्रखंड विकास पदाधिकारी सम्मिलित हुए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / चंदा कुमारी