सुपौल में धूमधाम से मनी भामाशाह जयंती, व्यापारियों ने सेवा और राष्ट्रहित का लिया संकल्प
सुपौल, 28 जून (हि.स.)। सुपौल स्थित व्यापार संघ कार्यालय में रविवार को व्यापारियों के शिरोमणि और महान दानवीर भामाशाह की जयंती श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई।
इस अवसर पर व्यापारियों ने उनके चित्र पर माल्यार्पण और पुष्पांजलि अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी तथा उनके आदर्शों को जीवन में अपनाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता व्यापार संघ के अध्यक्ष अमर कुमार चौधरी उर्फ भगवान चौधरी ने की। उन्होंने कहा कि भामाशाह केवल एक सफल व्यापारी ही नहीं, बल्कि त्याग, दान और राष्ट्रहित के अद्वितीय प्रतीक थे। उनका जीवन आज भी समाज और व्यापारी वर्ग के लिए प्रेरणास्रोत बना हुआ है।
उन्होंने कहा कि भामाशाह ने समाज और राष्ट्र के लिए जो योगदान दिया, उसे इतिहास हमेशा याद रखेगा। उनकी दानशीलता, जनकल्याण के प्रति समर्पण और राष्ट्रहित में किए गए कार्य आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करते रहेंगे।
उन्होंने कहा कि यही कारण है कि आज भी विभिन्न संस्थाओं द्वारा उनके नाम पर ‘भामाशाह सम्मान’ प्रदान किया जाता है।जयंती समारोह के दौरान उपस्थित व्यापारियों ने भामाशाह के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। वक्ताओं ने कहा कि समाज सेवा, ईमानदारी, नैतिक व्यापार और जरूरतमंदों की सहायता ही भामाशाह को सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
साथ ही व्यापारियों से सामाजिक कार्यों में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की गई।
समारोह में उमेद कुमार जैन, सतीश कुमार उर्फ सुशील चौधरी, रामकुमार चौधरी, योगेंद्र प्रसाद साह, विनोद कुमार जैन, गुरु प्रसाद गुप्ता, सुनील जायसवाल, चंदन कुमार चौधरी, संजय कुमार, बलराम कुमार समेत व्यापार संघ के कई सदस्य मौजूद रहे। सभी ने भामाशाह के आदर्शों को अपनाकर समाज के विकास में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प दोहराया।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

