home page

सुपौल अभियंत्रण महाविद्यालय में बीटेक सत्र 2026-30 के लिए नामांकन शुरू, 420 सीटों पर होगा दाखिला

 | 
सुपौल अभियंत्रण महाविद्यालय में बीटेक सत्र 2026-30 के लिए नामांकन शुरू, 420 सीटों पर होगा दाखिला


सुपौल अभियंत्रण महाविद्यालय में बीटेक सत्र 2026-30 के लिए नामांकन शुरू, 420 सीटों पर होगा दाखिला


सुपौल, 08 जुलाई (हि.स.)। सुपौल अभियंत्रण महाविद्यालय में शैक्षणिक सत्र 2026-30 के लिए बीटेक में नामांकन प्रक्रिया शुरू हो गई है। बिहार संयुक्त प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा पर्षद द्वारा आयोजित UGEAC-2026 काउंसलिंग के प्रथम चरण के तहत अभ्यर्थियों का नामांकन एवं दस्तावेज सत्यापन का कार्य 7 जुलाई से 9 जुलाई तक किया जा रहा है। अभ्यर्थी निर्धारित तिथि और समय के अनुसार महाविद्यालय पहुंचकर अपनी प्रवेश प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।

महाविद्यालय प्रशासन के अनुसार इस सत्र में विभिन्न इंजीनियरिंग शाखाओं में कुल 420 सीटों पर नामांकन लिया जाएगा। इसमें सिविल इंजीनियरिंग, मैकेनिकल इंजीनियरिंग, इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग, इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग, कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस तथा मैथमेटिक्स एंड कंप्यूटिंग जैसी शाखाएं शामिल हैं।

महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. ए. एन. मिश्रा ने बताया कि प्रवेश प्रक्रिया बिहार सरकार एवं बिहार इंजीनियरिंग विश्वविद्यालय के दिशा-निर्देशों के अनुसार संचालित की जा रही है। अभ्यर्थियों के मूल प्रमाण-पत्रों का सत्यापन किया जा रहा है। दस्तावेज सत्यापन और निर्धारित शुल्क जमा करने के बाद ही नामांकन प्रक्रिया पूरी मानी जाएगी।

उन्होंने कहा कि महाविद्यालय में विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण तकनीकी शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए आधुनिक प्रयोगशालाएं, डिजिटल स्मार्ट क्लास, पुस्तकालय, वाई-फाई परिसर और अनुभवी शिक्षकों की सुविधा उपलब्ध है। साथ ही विद्यार्थियों को नवाचार, अनुसंधान, स्टार्टअप संस्कृति और कौशल विकास के लिए भी प्रोत्साहित किया जा रहा है।

नामांकन प्रभारी आशीष आनंद ने बताया कि अभ्यर्थियों और अभिभावकों की सुविधा के लिए महाविद्यालय परिसर में सहायता काउंटर बनाए गए हैं। यहां प्रवेश से जुड़ी सभी जानकारियां उपलब्ध कराई जा रही हैं। उन्होंने अभ्यर्थियों से अपील की कि वे निर्धारित अवधि के दौरान सभी आवश्यक मूल दस्तावेजों के साथ उपस्थित होकर नामांकन प्रक्रिया पूरी करें। नामांकन के लिए अभ्यर्थियों को आवंटन पत्र, जेईई मेंस/यूजीईएसी से संबंधित दस्तावेज, दसवीं एवं बारहवीं की अंकपत्र व प्रमाण-पत्र, विद्यालय परित्याग प्रमाण-पत्र (टीसी), चरित्र प्रमाण-पत्र, निवास प्रमाण-पत्र, जाति प्रमाण-पत्र (यदि लागू हो), आय प्रमाण-पत्र (यदि लागू हो), आधार कार्ड, पासपोर्ट आकार के फोटो सहित अन्य जरूरी दस्तावेज साथ लाने होंगे।

प्राचार्य डॉ. ए. एन. मिश्रा ने अभ्यर्थियों एवं अभिभावकों से अपील की कि वे केवल आधिकारिक सूचना के आधार पर ही नामांकन कराएं और किसी भी तरह की अफवाहों से बचें। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय का उद्देश्य विद्यार्थियों को उद्योगों की जरूरतों के अनुरूप तैयार कर बेहतर अभियंता और जिम्मेदार नागरिक बनाना है।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र