सीवरेज वाटर ट्रीटमेंट प्लांट के निरीक्षण में शोधित जल सभी निर्धारित मानकों के अनुरूप पाये गये
पटना, 25 नवंबर (हि.स.)। गंगा नदी को प्रदूषणमुक्त एवं स्वच्छ बनाए रखने तथा शहर के सीवरेज जल का समुचित शोधन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से नगर विकास एवं आवास विभाग तथा बिहार शहरी आधारभूत संरचना विकास निगम लगातार प्रयास कर रही है। इस क्रम में बुडको के एम डी अनिमेष कुमार पराशर एवं जिलाधिकारी कुंदन कुमार ने बुधवार काे संबंधित पदाधिकारियों की टीम के साथ दीघा स्थित सीवरेज वाटर ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने प्लांट की कार्यप्रणाली, क्षमता एवं शोधित जल की गुणवत्ता से संबंधित जानकारी प्राप्त की। 100 मिलियन लीटर प्रतिदिन (एमएलडी) क्षमता वाले इस सीवरेज वाटर ट्रीटमेंट प्लांट की कार्यप्रणाली एवं शोधित जल की गुणवत्ता की केंद्रीय पर्यावरण टीम की ओर से भी सराहना की गई है।
टीम ने प्लांट से शोधन के बाद निकलने वाले पानी के नमूनों की जांच की, जिसमें शोधन उपरांत निकलने वाले जल को सभी निर्धारित पैरामीटर एवं मानकों के अनुरूप पाए गए।
गंगा नदी में सीवरेज का अशोधित पानी प्रवाहित होने से रोकने तथा शहर के अन्य क्षेत्रों के सीवरेज जल का भी प्रभावी शोधन सुनिश्चित करने के लिए 250 एमएलडी क्षमता के एक अतिरिक्त सीवरेज वाटर ट्रीटमेंट प्लांट की स्थापना की जानी है। इससे सीवरेज जल के शोधन की क्षमता में और वृद्धि होगी तथा गंगा नदी की स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रयासों को मजबूती मिलेगी।इस प्रस्तावित प्लांट की स्थापना के लिए आवश्यक भूमि की उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश एम डी बुडको अनिमेष कुमार पराशर ने जिलाधिकारी को दिया।
जिलाधिकारी ने अपर समाहर्ता को उपयुक्त भूमि चिह्नित करने, उसकी मापी कराने तथा निर्धारित समय-सीमा के भीतर भूमि की उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
इस अवसर पर अधिकारियों ने कहा कि आधुनिक सीवरेज शोधन व्यवस्था का विस्तार शहरी स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण एवं गंगा नदी की निर्मलता बनाए रखने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
नए सीवरेज वाटर ट्रीटमेंट प्लांट की स्थापना से शहर के अधिक से अधिक क्षेत्रों के सीवरेज जल का वैज्ञानिक तरीके से शोधन संभव होगा। इससे नदियों को प्रदूषण से बचाने और आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ एवं सुरक्षित पर्यावरण सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण सहायता मिलेगी।
हिन्दुस्थान समाचार / चंदा कुमारी

