home page

सारण में दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन की तैयारी

 | 
सारण में दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन की तैयारी


सारण में दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन की तैयारी


सारण, 15 अक्टूबर (हि.स.)। आगामी दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण और सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से आज जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव एवं वरीय पुलिस अधीक्षक रौशन कुमार की संयुक्त अध्यक्षता में एक उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के सभी अनुमंडलों, प्रखंडों, अंचलों और थाना क्षेत्रों की सुरक्षा व्यवस्था एवं तैयारियों का जायजा लिया गया।

समीक्षा के दौरान टाउन, भगवान बाजार, मुफस्सिल और रिविलगंज सहित विभिन्न थानों के क्षेत्रों में स्थापित होने वाली प्रतिमाओं, पूजा पंडालों, सीसीटीवी कैमरों की स्थिति, अग्नि व विद्युत सुरक्षा तथा बैरिकेडिंग की जानकारी ली गई। वरीय पुलिस अधीक्षक ने सभी थानाध्यक्षों को विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश देते हुए कहा कि शोभायात्रा के मार्गों और समय का भौतिक सत्यापन अनिवार्य रूप से किया जाए।

सुरक्षा व्यवस्था को चुस्त दुरुस्त करने के लिए सभी पूजा पंडालों में एक विशेष निरीक्षण रजिस्टर रखने का निर्देश दिया गया है, जिसमें पुलिस गश्ती टीम हर दो घंटे पर हस्ताक्षर कर अपनी उपस्थिति दर्ज करेगी। इसके साथ ही, पंडालों में महिला पुलिस बल की पर्याप्त तैनाती और संवेदनशील इलाकों में छतों की निगरानी रखने के सख्त निर्देश दिए गए हैं।

असामाजिक तत्वों के खिलाफ निरोधात्मक कार्रवाई, सीसीए और बाउंड डाउन की प्रक्रिया का भी सख्ती से पालन कराने को कहा गया है।जिलाधिकारी ने प्रखंड विकास पदाधिकारियों, अंचल अधिकारियों और थानाध्यक्षों को संयुक्त रूप से पंडालों, प्रतिमा स्थलों और शोभायात्रा मार्गों का भौतिक सत्यापन कर आज शाम तक रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया।

बैठक में अवैध शराब के खिलाफ छापेमारी अभियान तेज करने, मद्य निषेध नियमों का कड़ाई से पालन करने तथा उत्पाद विभाग एवं डीटीओ को सक्रिय रहने के निर्देश दिए गए।

सुरक्षा को और मजबूत करने के लिए शहर के प्रमुख प्रवेश बिंदुओं पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने तथा संवेदनशील क्षेत्रों में फ्लैग मार्च निकालने का निर्देश दिया गया।

एसएसपी रौशन कुमार ने बाइक पेट्रोलिंग टीमों के रूट और समय का पूर्व निर्धारण करने के साथ ही पेट्रोलिंग के दौरान पुलिसकर्मियों के लिए हेलमेट और बॉडी प्रोटेक्टर का उपयोग अनिवार्य किया है। प्रशासन का मुख्य उद्देश्य किसी भी प्रकार की लापरवाही को दरकिनार कर पर्व को पूरी तरह सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण बनाना है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार