home page

शिक्षक भर्ती परीक्षा अभ्यर्थियों पर पुलिस द्वारा लाठीचार्ज किया जाना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय: चिराग पासवान

 | 

पटना, 08 मई (हि.स.)। बिहार लोक सेवा आयोग की शिक्षक भर्ती परीक्षा (टीआरई ) 4 की अधिसूचना जारी करने की मांग को लेकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों पर पुलिस द्वारा लाठीचार्ज किए जाने की घटना को केंद्रीय मंत्री व लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान ने अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय बताया है।

सोशल मीडिया फेसबुक पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में युवाओं को अपनी जायज़ मांगों को रखने का अधिकार है। शिक्षक भर्ती की प्रतीक्षा कर रहे हजारों अभ्यर्थी लंबे समय से अधिसूचना जारी होने की उम्मीद लगाए बैठे हैं। उनकी आवाज़ सुनने के बजाय बल प्रयोग करना संवेदनशीलता और संवाद की भावना के विपरीत है।

उन्होंने कहा कि सरकार एवं प्रशासन को चाहिए कि अभ्यर्थियों की मांगों पर गंभीरतापूर्वक विचार करते हुए जल्द से जल्द टीआरई 4 की अधिसूचना जारी करे और युवाओं के भविष्य और उनके धैर्य का सम्मान करे।

साथ ही उन्होंने अभ्यर्थियों से भी आग्रह किया कि कल ही सरकार के नए मंत्रिमंडल का विस्तार हुआ है , ऐसे में थोड़ा समय दें और धैर्य रखें। सरकार जरूर सकारात्मक पहल करेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुरभित दत्त