रायबहादुर वंशीधर ढांढनिया स्मृति मेधावी छात्र प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन
भागलपुर, 01 अगस्त (हि.स.)। सम्मान समारोह समिति भागलपुर के तत्वावधान में रायबहादुर वंशीधर ढांढनिया स्मृति मेधावी छात्र प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन शनिवार को आनंदराम ढांढनिया सरस्वती विद्या मंदिर, भागलपुर के सभागार में सम्पन्न हुआ।
समारोह में शैक्षणिक सत्र 2025–2026 के विभिन्न कक्षाओं एवं वर्गों के मेधावी छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति-पत्र एवं स्मृति-चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ हुआ। इसके उपरांत मंचासीन अतिथियों का पुष्पमाला एवं अंगवस्त्र से सम्मान किया गया। इस अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, भागलपुर महानगर के सह-महानगर संघचालक रतन भालोटिया ने कहा कि प्रतिभा तभी सार्थक होती है, जब उसके साथ संस्कार, अनुशासन और राष्ट्रभक्ति का भाव जुड़ा हो।
आज सम्मानित हो रहे विद्यार्थी केवल अपने परिवार ही नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र की भावी शक्ति हैं। समिति के अध्यक्ष अशोक भिवानीवाला ने कहा कि समाज का वास्तविक विकास तभी संभव है, जब प्रतिभा का सम्मान और शिक्षा का प्रोत्साहन निरंतर होता रहे। यह सम्मान समारोह उसी संकल्प का एक सशक्त माध्यम है।
भागलपुर जिला अग्रवाल सम्मेलन की अध्यक्ष बद्री प्रसाद छापोलिका ने अपने संबोधन में कहा कि शिक्षा ही वह आधार है, जो व्यक्ति के चरित्र, व्यक्तित्व और भविष्य का निर्माण करती है। विद्यार्थियों को सदैव उत्कृष्टता का लक्ष्य लेकर आगे बढ़ना चाहिए। वहीं आनंदराम ढांढनिया सरस्वती विद्या मंदिर के अध्यक्ष अतुल ढांढनिया ने कहा कि विद्यालय केवल शिक्षा का केंद्र नहीं, बल्कि संस्कारों का मंदिर है। आज सम्मानित हुए विद्यार्थियों से अपेक्षा है कि वे अपने उत्कृष्ट आचरण से विद्यालय एवं समाज का गौरव बढ़ाएँ।
विद्यालय के प्रधानाचार्य सुमंत कुमार ने कहा कि मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान केवल उनकी सफलता का उत्सव नहीं, बल्कि अन्य विद्यार्थियों को भी उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित करने का माध्यम है।
समिति के महामंत्री अभिषेक कुमार जैन ने अपने वक्तव्य में कहा कि सम्मान सफलता का अंत नहीं, बल्कि नई जिम्मेदारियों की शुरुआत है। आज सम्मानित हुए विद्यार्थी अपने ज्ञान, संस्कार, अनुशासन और उत्कृष्ट चरित्र के बल पर अपने परिवार, विद्यालय, समाज और राष्ट्र का नाम गौरवान्वित करें। इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं, अभिभावकों एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं की उपस्थिति रही।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

