बाल विकास परियोजना में भ्रष्टाचार के आरोप, डीएम से जांच की मांग
पश्चिम चम्पारण(बगहा), 13 अप्रैल (हि.स.)। पश्चिम चम्पारण जिला के बगहा-02 प्रखंड स्थित बाल विकास परियोजना कार्यालय में भ्रष्टाचार, अवैध वसूली और अनियमितताओं के गंभीर आरोप सामने आए हैं। इस संबंध में जिला पदाधिकारी, बेतिया को एक लिखित आवेदन देकर परियोजना पदाधिकारी पर कार्रवाई और उच्चस्तरीय जांच की मांग की गई है।
आवेदन में बगहा दो के बरवल निवासी राजमोहन गिरी ने आरोप लगाया है कि बाल विकास परियोजना पदाधिकारी के पदस्थापन के बाद से आंगनबाड़ी केंद्रों के संचालन में अनियमितता बढ़ी है। सेविकाओं से विभिन्न मदों में अवैध रूप से पैसे की मांग की जाती है और विरोध करने पर धमकी व दुर्व्यवहार किया जाता है। कई मामलों में निरीक्षण के नाम पर राशि वसूली और दबाव बनाने की बात भी सामने आई है।
शिकायत में यह भी कहा गया है कि विभागीय योजनाओं के क्रियान्वयन में लापरवाही बरती जा रही है, जिससे सरकार और जिला प्रशासन की छवि धूमिल हो रही है। आरोप है कि परियोजना कार्यालय में दलालों की सक्रियता बढ़ गई है और उनके माध्यम से सेविकाओं से पैसे की वसूली की जा रही है।
आवेदन में यह भी उल्लेख है कि कई बार शिकायत के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। साथ ही, परियोजना पदाधिकारी के कार्यस्थल से अनुपस्थित रहने और सरकारी संसाधनों के दुरुपयोग के आरोप भी लगाए गए हैं।शिकायतकर्ताओं ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है, ताकि आंगनबाड़ी सेवाओं में पारदर्शिता और सुचारु संचालन सुनिश्चित किया जा सके। गौरतलब है कि तिरहुत के आयुक्त सहित डीएम, डीडीसी और डीपीओ को भी आवेदन देकर जांच की मांग की गई है। इधर कुछ दिन पूर्व एक सेविका के द्वारा भी आवेदन देकर जांच की मांग की गई थी।हिन्दुस्थान समाचार/अरविंद नाथ तिवारी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द नाथ तिवारी

