नैतिक पत्रकारिता लोकतंत्र को बनाती है मजबूत : डॉ. आरएन चौरसिया
दरभंगा, 12 अक्टूबर (हि.स.)। ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय के अंग्रेजी विभाग में ‘डिजिटल लोकतंत्र में सार्वजनिक सूचना की मीडिया जिम्मेदारी एवं नैतिकता’ विषय पर संगोष्ठी और भाषण प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें वक्ताओं ने विश्वसनीय सूचना, निष्पक्ष पत्रकारिता और लोकतंत्र को मजबूत बनाने में मीडिया की भूमिका पर जोर दिया।
मुख्य अतिथि विश्वविद्यालय के जनसंपर्क पदाधिकारी डॉ. आरएन चौरसिया ने कहा कि पत्रकारिता और नैतिकता एक-दूसरे के पूरक हैं। सत्यनिष्ठा, निष्पक्षता, स्वतंत्रता और मानवीय संवेदनशीलता पत्रकारिता के मूल आधार हैं। नैतिक पत्रकारिता जनहितों की रक्षा करने के साथ सरकार एवं प्रशासन की जवाबदेही भी सुनिश्चित करती है।
मानविकी संकाय की अध्यक्ष एवं अंग्रेजी विभागाध्यक्ष प्रो. पुनिता झा ने कहा कि पत्रकार आम जनता और शासन-प्रशासन के बीच संवाद की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। डिजिटल युग में फेक न्यूज और भ्रामक सूचनाओं जैसी चुनौतियों के बीच पत्रकारिता की विश्वसनीयता बनाए रखना जरूरी है।
भाषण प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने सोशल मीडिया, अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता, फेक न्यूज और मीडिया की निष्पक्षता जैसे विषयों पर विचार रखे। प्रतियोगिता में सेलिना कुमारी ने प्रथम, संगीता कुमारी ने द्वितीय तथा साहिल कुमार सिंह और श्रेया श्री ने संयुक्त रूप से तृतीय स्थान प्राप्त किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ छात्र कल्याण अध्यक्ष प्रो. अशोक कुमार मेहता ने किया। निर्णायक मंडल में हिंदी विभाग की डॉ. मंजरी खरे एवं राजनीति विज्ञान विभाग की डॉ. नीतू कुमारी शामिल थीं। संचालन डॉ. वीरेंद्र कुमार मिश्रा, स्वागत डॉ. नवीन कुमार सिंह तथा धन्यवाद ज्ञापन डॉ. संकेत कुमार झा ने किया। मौके पर विभाग के शिक्षक और छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Krishna Mohan Mishra

