नारी शक्ति वंदन अधिनियम सामाजिक न्याय की नींव : निशा सिंह
कटिहार, 13 अप्रैल (हि.स.)। भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय मंत्री सह प्राणपुर विधायक निशा सिंह ने शनिवार को जिला अतिथि गृह में ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम 2023’ को लेकर प्रेस वार्ता की। उन्होंने कहा कि यह ऐतिहासिक अधिनियम केवल आरक्षण तक सीमित नहीं, बल्कि सामाजिक न्याय, समान अवसर और सशक्त लोकतंत्र की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
विधायक निशा सिंह ने कहा कि नारी सम्मान, सुरक्षा और सशक्तिकरण के संकल्प के साथ हम एक ऐसे समाज के निर्माण की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं, जहां महिलाओं को समान अवसर, सम्मान और प्रगति के हर द्वार सुलभ हों। उन्होंने कहा कि आज देश की महिलाएं हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा और नेतृत्व क्षमता का परिचय दे रही हैं, जो विकसित भारत के निर्माण की आधारशिला है।
प्रेस वार्ता में भाजपा जिला अध्यक्ष मनोज राय, जिला उपाध्यक्ष शोभा जयसवाल, महिला मोर्चा अध्यक्ष प्रियंका सिंह सहित बड़ी संख्या में महिला मोर्चा की कार्यकर्ता मौजूद थीं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह

