home page

जनता दरबार में दर्जनों भू-विवाद मामलों का निष्पादन, प्रशासनिक सक्रियता से जगी नई उम्मीद

 | 
जनता दरबार में दर्जनों भू-विवाद मामलों का निष्पादन, प्रशासनिक सक्रियता से जगी नई उम्मीद


दरभंगा, 12 सितंबर (हि.स.)।दरभंगा जिला अंतर्गत तारडीह प्रखंड में नवपदस्थापित अंचलाधिकारी आलोक कुमार एवं सकतपुर थानाध्यक्ष अरविंदर कुमार के नेतृत्व में शनिवार को आयोजित नियमित जनता दरबार में विभिन्न पंचायतों से पहुंचे भू-विवाद से संबंधित दर्जनों मामलों की सुनवाई कर उनके निष्पादन की कार्रवाई की गई। जनता दरबार में अधिकारियों ने दोनों पक्षों की बात सुनते हुए उपलब्ध दस्तावेजों एवं तथ्यों के आधार पर विधिसम्मत समाधान की दिशा में पहल की।

अंचलाधिकारी आलोक कुमार के कार्यशैली की खासियत उनकी सक्रियता और कार्यालय में पर्याप्त समय देकर लंबित मामलों के निष्पादन पर विशेष जोर देना बताया जा रहा है। वे अपने सहकर्मियों के साथ लंबित फाइलों की समीक्षा करते हुए आवश्यक आदेश पारित करने तथा मामलों को समयबद्ध तरीके से आगे बढ़ाने पर जोर दे रहे हैं। उनकी कार्यशैली में त्वरित निर्णय के साथ नियम-कानून का पालन प्रमुखता से दिखाई देता है।

वहीं, सकतपुर थानाध्यक्ष अरविंदर कुमार भी क्षेत्र में कानून-व्यवस्था से जुड़े मामलों पर बारीकी से नजर रखते हुए शिकायतों पर तत्परता से कार्रवाई के लिए जाने जा रहे हैं। भूमि विवाद जैसे संवेदनशील मामलों में प्रशासन एवं पुलिस के बीच बेहतर समन्वय को महत्वपूर्ण माना जाता है।

स्थानीय स्तर पर प्रशासनिक सक्रियता और पुलिस की तत्परता से लोगों में यह उम्मीद जगी है कि लंबे समय से लंबित भूमि विवादों के समाधान तथा कानून-व्यवस्था से जुड़े मामलों में तेजी आएगी। अंचल प्रशासन और सकतपुर थाना की समन्वित कार्यशैली से तारडीह प्रखंड की प्रशासनिक व्यवस्था में नई ऊर्जा और भरोसे का माहौल बनने की संभावना व्यक्त की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / Krishna Mohan Mishra