खरीफ महाअभियान की सफलता को कृषक प्रशिक्षण सह खेत बचाओ अभियान कार्यशाला
नवादा, 15 जून (हि.स.)। नवादा जिले के कौआकोल प्रखंड मुख्यालय परिसर स्थित ई-किसान भवन में सोमवार को शारदीय खरीफ महाअभियान 2026 के अंतर्गत कृषक प्रशिक्षण सह खेत बचाओ अभियान कार्यशाला का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का उद्घाटन प्रखंड बीस सूत्री उपाध्यक्ष अंकित विश्वकर्मा ने किया। उद्घाटन के बाद उन्होंने कहा कि सरकार किसानों की आय बढ़ाने और खेती को अधिक लाभकारी बनाने के लिए कई योजनाएं चला रही है,जिसका लाभ किसानों को उठाना चाहिए।
कार्यक्रम में कृषि विभाग के अधिकारियों ने उपस्थित किसानों को केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न कृषि योजनाओं की विस्तारपूर्वक जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि किसानों के लिए बीज अनुदान,कृषि यंत्र अनुदान,फसल बीमा योजना,सिंचाई सुविधा एवं अन्य कई योजनाएं संचालित की जा रही हैं।
किसानों से अपील की गई कि वे इन योजनाओं का लाभ लेकर आधुनिक खेती की ओर आगे बढ़ें।
इस दौरान कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक रविकांत चौबे ने खरीफ मौसम में की जाने वाली खेती,विशेष रूप से धान की खेती के संबंध में किसानों को महत्वपूर्ण जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि बेहतर उत्पादन के लिए उन्नत किस्म के बीज,संतुलित उर्वरक का प्रयोग,समय पर बुवाई तथा खेतों में जल प्रबंधन बेहद जरूरी है। साथ ही उन्होंने खेतों को कीट एवं रोगों से बचाने के उपायों की भी जानकारी दी।
कार्यक्रम में कृषि समन्वयक बबलू कुमार, अनिल कुमार, शशि भूषण आनंद, मनीष कुमार पांडेय, प्रखंड उद्यान पदाधिकारी विकास कुमार किसान सलाहकार कृष्णानंदन प्रसाद ,सुभाष चौधरी सहित बड़ी संख्या में स्थानीय किसान मौजूद रहे।
कार्यक्रम का उद्देश्य किसानों को नई तकनीक से जोड़ना तथा खरीफ फसल के बेहतर उत्पादन के लिए जागरूक करना रहा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजय कुमार सुमन

