home page

कोसी बराज को लेकर अफवाहों पर प्रशासन सख्त, भ्रामक वीडियो फैलाने वालों पर होगी कार्रवाई

 | 

सुपौल, 30 अगस्त (हि.स.)। कोसी नदी और कोसी बराज को लेकर सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रही कथित भ्रामक सूचनाओं के बीच जिला प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की है।

प्रशासन की ओर से जारी आवश्यक सूचना में कहा गया है कि कोसी नदी के जलस्तर में सामान्य गति से वृद्धि हो रही है और कोसी बराज पूरी तरह सुरक्षित है। प्रशासन के अनुसार बराज एवं आसपास की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। ऐसे में सोशल मीडिया पर पुराने वीडियो, भ्रामक संदेश अथवा बिना पुष्टि की गई सूचनाएं प्रसारित कर लोगों के बीच अनावश्यक भय और अफरातफरी का माहौल बनाने से बचने की जरूरत है।

जिला प्रशासन ने सोशल मीडिया उपयोगकर्ताओं से अपील की है कि किसी भी प्रकार की अफवाह अथवा अपुष्ट सूचना को बिना सत्यापन के आगे साझा नहीं करें। विशेष रूप से कोसी नदी और बराज से जुड़ी किसी भी जानकारी के लिए केवल आधिकारिक माध्यमों से प्राप्त सूचना पर ही भरोसा करने को कहा गया है।

प्रशासन ने यह भी चेतावनी दी है कि भ्रामक एवं तथ्यहीन वीडियो या सूचनाओं के माध्यम से लोगों में दहशत फैलाने वाले सोशल मीडिया माध्यमों के संचालकों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे संयम बनाए रखें और किसी भी आपात या महत्वपूर्ण सूचना के लिए आधिकारिक माध्यमों से प्राप्त जानकारी को ही प्राथमिकता दें।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र