किसानों को फसल नुकसान का मुआवजा राशि मुहैया कराए सरकार: अरुण यादव
भागलपुर, 21 मार्च (हि.स.)। राष्ट्रीय जनता दल के प्रदेश प्रवक्ता अरुण कुमार यादव ने शनिवार को एक प्रेस बयान जारी कर कहा कि भागलपुर जिला सहित राज्यभर में बेमौसम आंधी-बारिश और ओलावृष्टि से गेहूं, मक्का, केला, लीची और आम की फसल को काफी नुकसान पहुंचा है।
आंधी-बारिश और ओलावृष्टि के कारण खेतों में गेहूं और लहलहाता मक्के-केला के पौधे पूरी तरह ज़मीन में गिर गए। लीची-आम के पेड़ में लगे मंजर झड़ गए। वहीं गरीबों की झोपड़ी-छप्पड़ उड़ गए। राजद प्रवक्ता ने कहा कि पहले से ही किसान चौतरफा मुसीबत झेल रहे हैं, कर्ज तले दबे हुए हैं। ऊपर से प्राकृतिक आपदा आंधी-तूफान और बारिश ने फसलों को बर्बाद कर दिया। अन्नदाता किसानों के सपनों को ध्वस्त कर दिया। जोकि चिंता का विषय है।
राजद प्रवक्ता ने बिहार सरकार से इस प्राकृतिक आपदा को गंभीरता से लेते हुए आंधी-बारिश और ओलावृष्टि से प्रभावित किसानों और गरीबों को विशेष सहायता राशि प्रदान कर राहत पहुंचाने का काम करें। राजद प्रवक्ता ने कहा कि आंधी-बारिश और ओलावृष्टि से हुए फसल नुकसान का आकलन करने के लिए बिहार सरकार अविलंब वरीय अधिकारी के नेतृत्व में प्रखंड स्तर पर टीम गठित करे। गठित टीम को जमीनी स्तर पर भेजकर सीधा किसानों से सम्पर्क कर फसल नुकसान का आकलन उपरांत किसानों को फसल नुकसान का उचित मुआवजा राशि अविलंब मुहैया कराए सरकार।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

