किशनगंज में अवैध खनन पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, बालू लदा ट्रैक्टर जब्त
किशनगंज, 23 मई (हि.स.)। सदर थाना क्षेत्र के बेलवा स्थित टेंगरमारी इलाके में शनिवार को प्रशासन ने अवैध बालू खनन के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए संयुक्त छापेमारी अभियान चलाया। ढोक नदी के किनारे अवैध रूप से बालू उठाव की लगातार मिल रही शिकायतों और गुप्त सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की गई। अभियान का नेतृत्व एसडीएम अनिकेत कुमार और एसडीपीओ वन खुसरू सिराज ने संयुक्त रूप से किया।
प्रशासनिक टीम जैसे ही टेंगरमारी इलाके में पहुंची, वहां अवैध तरीके से नदी से बालू निकासी का कार्य चल रहा था। छापेमारी के दौरान एक ट्रैक्टर को मौके से जब्त किया गया, जिसका उपयोग अवैध बालू ढुलाई में किया जा रहा था। हालांकि कार्रवाई की भनक लगते ही ट्रैक्टर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। प्रशासनिक अधिकारियों ने वाहन को कब्जे में लेकर सदर थाना भेज दिया है, जहां आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
अधिकारियों ने मौके पर मौजूद लोगों को चेतावनी देते हुए कहा कि अवैध खनन किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि प्राकृतिक संसाधनों की अवैध लूट पर लगातार नजर रखी जा रही है और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।
एसडीएम अनिकेत कुमार ने कहा कि अवैध खनन पर्यावरण के लिए गंभीर खतरा है और इससे नदी के अस्तित्व पर भी असर पड़ता है। वहीं एसडीपीओ वन खुसरू सिराज ने बताया कि जिले में अवैध खनन रोकने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है तथा ऐसे मामलों में संलिप्त लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कदम उठाए जाएंगे। प्रशासन की इस कार्रवाई से अवैध बालू और मिट्टी कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।
स्थानीय लोगों ने भी प्रशासन की इस पहल का स्वागत करते हुए नियमित कार्रवाई की मांग की।
हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

