अररिया कॉलेज में विकसित भारत युवा संसद कार्यक्रम का हुआ आयोजन
अररिया 28 फरवरी(हि.स.)
अररिया कॉलेज में विकसित भारत युवा संसद कार्यक्रम का शनिवार को आयोजन किया गया। कार्यक्रम का संचालन संसदीय परंपराओं के तर्ज पर किया गया, जिसमें छात्र-छात्राओं को लोकतंत्र एवं संसदीय कार्यप्रणाली को निकट से जानने का अवसर मिला। कार्यक्रम का उद्घाटन पूर्णिया विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. (डॉ.) विवेकानन्द सिंह ने दीप प्रज्वलित कर किया।
कुलपति ने अपने संबोधन में लोकतंत्र के बुनियादी तत्वों, संविधान की गरिमा और युवाओं की भूमिका पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया।कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सांसद प्रदीप कुमार सिंह उपस्थित रहे। उन्होंने संसदीय कार्यशैली, जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारियों तथा जिले से जुड़े विकासात्मक मुद्दों पर अपने विचार साझा किए।
इस अवसर पर जिलाधिकारी विनोद दूहन, पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने संसदीय शासन व्यवस्था के महत्व को रेखांकित करते हुए छात्र जीवन में अनुशासन, नेतृत्व और सामाजिक दायित्व पर बल दिया।
कार्यक्रम का आयोजन अररिया कॉलेज के प्रधानाचार्य प्रो. (डॉ.) रामदयाल पासवान के मार्गदर्शन में हुआ। आयोजन में एनएसएस के कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. शम्स परवेज़ की भूमिका सराहनीय रही। युवा संसद में आपातकाल के 50 वर्ष भारतीय लोकतंत्र के लिए सबक विषय पर संवाद हुआ।जिसमें सौ से अधिक प्रतिभागियों ने अपने विचार रखे। निर्णायक मंडल द्वारा मूल्यांकन के बाद पांच प्रतिभागियों का चयन राज्य स्तरीय युवा संसद के लिए किया गया। चयनित प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र एवं मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के समापन पर राष्ट्रीय विज्ञान दिवस मनाया गया तथा प्रधानाचार्य की अध्यक्षता में होली मिलन समारोह आयोजित कर सभी को बधाई दी गईं। मंच संचालन डॉ. हिना नकवी, डॉ. राजेश मोहन एवं डॉ. हामिद रज़ा ने संयुक्त रूप से किया।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर

