home page

युवा कांग्रेस ने डीएम को सौंपा ज्ञापन

 | 
युवा कांग्रेस ने डीएम को सौंपा ज्ञापन


सुपौल, 20 जुलाई (हि.स.)। सदर प्रखंड के एकमा पंचायत स्थित वार्ड संख्या-1 से बरुआरी तक जाने वाली छोटी नहर की अधूरी सफाई को लेकर सोमवार को बिहार प्रदेश युवा कांग्रेस के प्रदेश सचिव लक्ष्मण कुमार झा ने ग्रामीणों और किसानों के साथ जिला पदाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से नहर की पूर्ण सफाई कराने, फिलहाल पानी छोड़े जाने पर रोक लगाने तथा लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की गई।

लक्ष्मण कुमार झा ने बताया कि जल संसाधन विभाग द्वारा नहर की सफाई केवल एकमा पंचायत के वार्ड संख्या-1 (रामपुर गांव) तक ही कराई गई है, जबकि इसके आगे बरुआरी तक बड़ी संख्या में ग्रामीणों के घर और किसानों की कृषि भूमि स्थित है। अधूरी सफाई के बावजूद नहर में पानी छोड़ दिए जाने से आगे पानी का प्रवाह बाधित हो गया है, जिससे जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो गई है।

उन्होंने कहा कि यदि अधिक मात्रा में पानी छोड़ा गया या लगातार बारिश हुई तो पानी ग्रामीणों के घरों में प्रवेश कर सकता है और सैकड़ों किसानों की फसल बर्बाद होने की आशंका है। ग्रामीणों ने आपसी सहयोग और चंदा जुटाकर अस्थायी रूप से पानी निकासी की व्यवस्था की है, लेकिन यह विभाग की गंभीर लापरवाही को दर्शाता है।

ज्ञापन में मांग की गई है कि नहर में फिलहाल पानी छोड़े जाने पर रोक लगाई जाए, पूरी नहर की समुचित सफाई कराई जाए, अधूरी सफाई कर कार्य बंद करने वाले संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों की जांच कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाए तथा किसानों और ग्रामीणों की सुरक्षा को देखते हुए स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जाए। युवा कांग्रेस नेता ने चेतावनी दी कि यदि तीन दिनों के भीतर इस दिशा में ठोस कार्रवाई नहीं की गई तो बिहार प्रदेश युवा कांग्रेस ग्रामीणों के साथ जल संसाधन विभाग (सिंचाई विभाग) कार्यालय परिसर में जोरदार विरोध प्रदर्शन करेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र