तरैया में करंट लगने से युवक की मौत
| Jul 14, 2026, 17:59 IST
सारण, 14 जुलाई (हि.स.)। तरैया प्रखंड के भलुआ शंकरडीह गांव में बिजली की चपेट में आने से एक 35 वर्षीय युवक रमेश कुमार पड़ित की मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार रमेश सुबह घर पर मोटर पंप में तार जोड़ रहे थे, तभी वे करंट की चपेट में आकर अचेत हो गए। परिजन उन्हें तुरंत रेफरल अस्पताल तरैया ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
सूचना पर पहुंची तरैया थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए छपरा सदर अस्पताल भेज दिया। बताया जाता है कि रमेश हरिद्वार में कार्यरत थे और हाल ही में उनका ट्रांसफर पटना हुआ था।
इस घटना के बाद मृतक की पत्नी राधा देवी और दोनों मासूम बच्चों समेत पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार

