home page

रामपुर रेल गेट के पास ट्रेन से कटकर युवक की मौत

 | 
रामपुर रेल गेट के पास ट्रेन से कटकर युवक की मौत


किशनगंज, 06 सितंबर (हि.स.)। शहर के रामपुर रेल गेट के समीप रविवार को ट्रेन की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान रामपुर स्थित आलू मंडी निवासी धर्मेंद्र मालाकार के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।

बताया जाता है कि धर्मेंद्र किसी कारणवश रेलवे ट्रैक के समीप पहुंचा था। इसी दौरान वह गुजर रही ट्रेन की चपेट में आ गया। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ घटनास्थल पर जुट गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए किशनगंज सदर अस्पताल भेज दिया।

स्थानीय लोगों के अनुसार, घटना से कुछ घंटे पहले शनिवार की रात धर्मेंद्र के घर में किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। देर रात तक घर में कहासुनी और झगड़ा होने की बात सामने आ रही है। इसके बाद रविवार की सुबह उसके ट्रेन की चपेट में आने की खबर मिली।हालांकि, युवक किन परिस्थितियों में रेलवे ट्रैक तक पहुंचा, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।

पुलिस हादसे के साथ-साथ घटना के अन्य संभावित पहलुओं की भी जांच कर रही है। परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। घटनास्थल से मिले तथ्यों और साक्ष्यों को भी जांच में शामिल किया जा रहा है। आरपीएफ इंस्पेक्टर एच.के. शर्मा के नेतृत्व में टीम ने घटनास्थल का जायजा लिया।

पुलिस के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद मौत के कारणों को लेकर स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी। इधर, युवक की मौत की खबर से परिवार में मातम पसरा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और चर्चा का माहौल बना हुआ है।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह